श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर प्रमोद कृष्णम को धमकी, निजी नंबर पर आया कॉल और ऑडियो

HIGHLIGHTS
- 24 सितंबर की देर रात निजी नंबर पर कॉल आने की बात सामने आई।
- इसके बाद पंजाबी भाषा में ऑडियो मैसेज भेजा गया।
- धमकी देने वाले ने अपना नाम कुलबीर सिंह सिद्धू बताया।
संभल के ऐंचौड़ा कंबोह स्थित श्री कल्कि धाम के पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। 24 सितंबर की देर रात उन्हें एक निजी नंबर से कॉल आई। इसके बाद पंजाबी भाषा में एक ऑडियो मैसेज भेजा गया, जिसमें उन्हें बम से उड़ाने की धमकी दी गई। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने शनिवार दोपहर प्रेसवार्ता कर इस बारे में जानकारी दी।
आचार्य के मुताबिक, धमकी देने वाले व्यक्ति ने अपना नाम कुलबीर सिंह सिद्धू बताया है। उसे बब्बर ए खालसा आतंकी संगठन का सरगना बताया जा रहा है। ऑडियो में जान से मारने की धमकी दी गई है। आचार्य ने बताया कि उन्हें पंजाबी भाषा की जानकारी नहीं है, लेकिन ऑडियो के बारे में जानकारी कराने पर पता चला कि धमकी देने वाले ने उनके काम को पाखंड बताया और इसे बंद नहीं करने पर जान से मारने की बात कही है।
ऑडियो में धमकी देने वाला व्यक्ति बम और रॉकेट लॉन्चर से हमला करने की बात कह रहा है। आचार्य ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल आ रही थीं, लेकिन उन्होंने किसी कॉल को रिसीव नहीं किया। ऑडियो मैसेज मिलने के बाद उन्हें धमकी की जानकारी हुई।
उन्होंने बताया कि धमकी के संबंध में यूपी पुलिस, गृह मंत्रालय, पंजाब पुलिस और संभल पुलिस को जानकारी दे दी गई है। वहीं, श्रीकल्कि धाम निर्माण ट्रस्ट की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री को पत्र भेजकर आचार्य प्रमोद कृष्णम और श्रीकल्कि धाम की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है।
कल्कि धाम में गुरु गोबिंद सिंह की प्रतिमा स्थापित होगी
आचार्य प्रमोद कृष्णम ने बताया कि कल्कि धाम का निर्माण सनातन धर्म की एकता के संकल्प के साथ किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शिलान्यास के बाद धाम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यहां गुरु गोबिंद सिंह, भगवान महावीर और भगवान बुद्ध के मंदिर प्रस्तावित हैं।
आचार्य का कहना है कि इन्हीं गतिविधियों के चलते उन्हें पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। उन्होंने खालिस्तान समर्थक और इस्लामी कट्टरपंथी संगठनों पर उन्हें निशाना बनाने का आरोप लगाया है।
उन्होंने कहा कि देश विरोधी ताकतें देश को तालिबान और खालिस्तान बनाना चाहती हैं। आचार्य ने कहा कि अगर उनकी हत्या होती है तो यह उनका बलिदान होगा। उन्होंने कहा कि उनकी हत्या होने की स्थिति में भारत सरकार श्रीकल्कि धाम ट्रस्ट को अपने अधीन ले और निर्माण कार्य जारी रखते हुए धाम में गुरु गोबिंद सिंह का विग्रह स्थापित करे।
एसपी ने कहा- धमकी के स्रोत की जांच जारी
संभल के एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि आचार्य प्रमोद कृष्णम को धमकी मिली है। यह मैसेज कहां से आया, इसकी जांच-पड़ताल कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि मामले में अग्रिम कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.