सिंगरौली में मूसलाधार बारिश का कहर, NH-39 का हिस्सा कटा; फसलें जलमग्न

HIGHLIGHTS
- सजहर जंगल के पास खाखन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा
- बरगवां-देवसर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई
- हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं
सोनभद्र। देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने सिंगरौली जिले में प्रशासनिक दावों और निर्माण एजेंसियों की लापरवाही को उजागर कर दिया है। भारी बारिश के कारण एक तरफ 15 वर्षों से निर्माणाधीन नेशनल हाईवे-39 का एक हिस्सा पानी के तेज बहाव में कट गया, वहीं औद्योगिक लापरवाही के चलते हिंडाल्को कंपनी के ऐश डाइक की बाउंड्री वॉल टूटने से ग्रामीणों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
सीधी-सिंगरौली को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे-39 के बरगवां-देवसर मार्ग पर सजहर जंगल के पास खाखन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। देवसर के आगे निर्माण कंपनी की ओर से अधूरे छोड़े गए पुल और क्षतिग्रस्त पुलिया के ऊपर से पानी के तेज बहाव के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।
पानी के तेज बहाव में एक मोटरसाइकिल के बह जाने की सूचना भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जियावन और सिंगरौली पुलिस मौके पर पहुंची और उफनते जलभराव वाले क्षेत्र में वाहनों तथा राहगीरों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी।
बरगवां के ओड़गड़ी क्षेत्र में स्थित हिंडाल्को कंपनी के ऐश डाइक की बाउंड्री वॉल भी भारी बारिश के दबाव में अचानक ढह गई। डाइक से निकली राख और दूषित पानी के तेज बहाव की वजह से ग्रामीणों की कई एकड़ फसल जलमग्न हो गई और बर्बादी के कगार पर पहुंच गई।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि डाइक में रिसाव और दरारों को लेकर पहले भी कंपनी प्रबंधन को सूचना दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। पूर्व में हुए हर्रहवा कांड के बाद अब बरगवां की इस घटना ने औद्योगिक सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.

























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.