दिल्ली-देहरादून हाईवे पर दर्दनाक हादसा: रोडवेज बस की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर मंगलवार की देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें मोपेड सवार एक बुजुर्ग की जान चली गई। यह दुर्घटना नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के बिलासपुर कट के पास उस समय हुई जब उत्तराखंड रोडवेज की एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, शेरनगर निवासी 60 वर्षीय धर्म सिंह सैनी गांव में परचून की दुकान चलाते थे। रोज की तरह वह मंगलवार शाम शहर से सामान लेकर मोपेड से अपने घर लौट रहे थे। करीब साढ़े सात बजे जैसे ही वे बिलासपुर कट के पास हाईवे पार कर रहे थे, तभी दिल्ली की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि धर्म सिंह सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए।

सूचना मिलने पर टीपी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेते हुए चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
टीपी नगर चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि बस दिल्ली की दिशा से आ रही थी और इसी दौरान मोपेड सवार व्यक्ति सड़क पार करते समय उसकी चपेट में आ गया।
हादसे के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है, वहीं स्थानीय लोगों ने लगातार हो रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए यातायात व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.