आजमगढ़ में दर्दनाक घटना, तीन बच्चों को साड़ी से बांधकर पोखरी में कूदी महिला, दो की मौत

HIGHLIGHTS
- आजमगढ़ में महिला ने तीन बच्चों को साड़ी से बांधकर पोखरी में छलांग लगा दी।
- हादसे में दो मासूम बेटों की डूबने से मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बेटी ने बंधन खोलकर जान बचाई।
- पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, महिला का अस्पताल में इलाज जारी है।
आजमगढ़। सरायमीर थाना क्षेत्र के करछा गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक महिला ने अपने तीन बच्चों को साड़ी से बांधकर पोखरी में छलांग लगा दी। इस हादसे में उसके दो मासूम बेटों की डूबने से मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बेटी किसी तरह बंधन खोलकर बाहर निकल आई और उसकी जान बच गई। महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस और परिजनों के मुताबिक, जयप्रदा (26), पत्नी बिंदलेश यादव, रविवार सुबह अपने तीनों बच्चों को दवा दिलाने की बात कहकर घर से निकली थीं। वह सरायमीर स्थित वी-मार्ट के पीछे स्थित एक पोखरी के पास पहुंचीं। आरोप है कि वहां उन्होंने अपनी साड़ी से तीनों बच्चों को बांधा और फिर पोखरी में कूद गईं।
इस दौरान उनकी आठ वर्षीय बेटी मानवी किसी तरह साड़ी का बंधन खोलने में सफल रही और पोखरी से बाहर निकल आई। इसके बाद मानवी करीब तीन किलोमीटर पैदल चलकर गांव पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी।
जानकारी मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तब तक डेढ़ वर्षीय राघव और तीन वर्षीय कृष्ण की डूबने से मौत हो चुकी थी। ग्रामीणों की मदद से महिला को पोखरी से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, जयप्रदा मूल रूप से दीदारगंज थाना क्षेत्र के खरसन गांव की रहने वाली हैं। परिजनों ने बताया कि वह करीब 15 दिन पहले अपने तीनों बच्चों के साथ लखनऊ गई थीं, लेकिन बाद में रायबरेली से वापस लौट आई थीं।
प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे पारिवारिक कलह की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
सरायमीर के प्रभारी निरीक्षक भुवनेश कुमार चौबे ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची थी। दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.