कोरबा में दर्दनाक हादसा, तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चियों की मौत

HIGHLIGHTS
- मृत बच्चियों की उम्र 7 और 8 साल थी।
- तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं।
- तालाब किनारे उनके कपड़े और चप्पल मिले।
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। अलगू तालाब में नहाने गईं तीन मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
एक ही बस्ती की रहने वाली थीं तीनों बच्चियां
हादसे में जान गंवाने वाली बच्चियों की पहचान 7 वर्षीय इंदु अगरिया, 8 वर्षीय राखी और 8 वर्षीय साधना के रूप में हुई है। तीनों एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार को तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और घर पर ही थीं। दोपहर के समय वे नहाने के लिए गांव के अलगू तालाब पहुंचीं। उस वक्त तालाब में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था।
घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने शुरू की तलाश
काफी समय बीतने के बाद जब तीनों बच्चियां घर नहीं लौटीं तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद परिवार के लोग ग्रामीणों के साथ उन्हें तलाशते हुए तालाब के पास पहुंचे। वहां तीनों बच्चियों के कपड़े और चप्पलें पड़ी मिलीं।
इसी दौरान एक ग्रामीण की नजर तालाब के पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। उसकी पहचान इंदु अगरिया के रूप में हुई। इसके बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।
कई घंटे की मशक्कत के बाद मिले दोनों शव
सूचना मिलने पर पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से तालाब में अन्य दोनों बच्चियों की तलाश शुरू की गई। कई घंटे तक चले प्रयास के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।
तीनों बच्चियों की एक साथ मौत की खबर से उनके परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया और तीनों बच्चियों के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में मौत की वजह डूबना सामने आई है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.