चोरी के शक में दो बच्चों से मारपीट, कपड़े उतरवाकर घुमाने का आरोप; वीडियो वायरल

HIGHLIGHTS
- बगदरी वाटरफॉल में दो बच्चों से मारपीट का आरोप।
- चोरी के संदेह में बच्चों के कपड़े उतरवाने की बात सामने आई।
- घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुआ।
जबलपुर। जबलपुर जिले के पाटन क्षेत्र स्थित बगदरी वाटरफॉल में दो बच्चों के साथ कथित अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। चोरी के शक में कुछ युवकों ने दोनों बच्चों को पकड़कर उनके साथ मारपीट की और तलाशी के नाम पर उनके कपड़े उतरवा दिए। आरोप है कि इसके बाद बच्चों को निर्वस्त्र हालत में घुमाया गया। इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर भी प्रसारित कर दिया गया।
वीडियो के बहुप्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने के साथ ही घटना से जुड़ी पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।
कपड़ों में रखे रुपये गायब होने का आरोप
बहुप्रसारित वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि दमोह जिले के तेंदूखेड़ा क्षेत्र से कुछ युवक बगदरी वाटरफॉल घूमने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि नहाने जाने से पहले युवकों ने अपने कपड़े और रुपये किनारे पर रख दिए थे। जब वे वापस लौटे तो रुपये गायब मिले। इसके बाद युवकों ने वहां मौजूद दोनों बच्चों पर रुपये चोरी करने का संदेह जताया।
बच्चों ने बार-बार रुपये लेने की बात से इन्कार किया और कहा कि उन्होंने कोई रकम नहीं चुराई है। इसके बावजूद युवकों ने उनकी बात नहीं मानी।
मारपीट के बाद उतरवाए कपड़े
आरोप है कि युवकों ने दोनों नाबालिगों को पकड़कर उनके साथ मारपीट की। इसके बाद तलाशी लेने के नाम पर उनके कपड़े उतरवा दिए गए और उन्हें निर्वस्त्र अवस्था में घुमाया गया।
इसी दौरान एक युवक मोबाइल फोन से पूरी घटना रिकॉर्ड करता रहा। वीडियो में बच्चों के साथ कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने और उन्हें धमकाने की बात भी सामने आई है।
मोबाइल और रुपये छीनने का आरोप
बच्चों ने आरोप लगाया है कि युवकों ने उनके पास मौजूद मोबाइल फोन भी छीन लिए। इसके अलावा उनसे रुपये लिए जाने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।
युवकों की पहचान करने में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है। वीडियो में नजर आ रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस घटना के संबंध में अन्य लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.