उमेश पाल हत्याकांड: वांछित खालिद जफर के अवैध कार्यालय पर चला बुलडोजर

HIGHLIGHTS
- पीडीए की करीब 200 वर्ग मीटर जमीन पर था कब्जा
- पिछले 10 वर्षों से यहां रियल एस्टेट कार्यालय संचालित हो रहा था
- कार्रवाई के लिए पीडीए ने तीन बुलडोजर लगाए
प्रयागराज। चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में वांछित अभियुक्त खालिद जफर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने शुक्रवार को कालिंदीपुरम स्थित उसके कार्यालय पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। यह कार्यालय अवैध कब्जे वाली जमीन पर बना था, जिसे बुलडोजर से ढहा दिया गया।
करीब 200 वर्ग मीटर जमीन पर था कब्जा
पीडीए के अनुसार, प्राधिकरण की करीब 200 वर्ग मीटर जमीन पर पिछले 10 वर्षों से कब्जा कर रियल एस्टेट से जुड़ा कार्यालय संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के लिए पीडीए की टीम तीन बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची। जोनल अधिकारी सूरज पटेल के नेतृत्व में प्रवर्तन दल ने अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू की।
पीडीए की जमीन पर बिना अनुमति निर्माण
अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण की जमीन पर बिना अनुमति कब्जा कर कार्यालय का निर्माण कराया गया था। ध्वस्तीकरण के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। खालिद जफर को माफिया अतीक अहमद के करीबियों में बताया जाता रहा है।
कसारी-मसारी में भी अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई
उमेश पाल हत्याकांड में खालिद जफर का नाम वांछित अभियुक्त के तौर पर सामने आया है। इसके अलावा पीडीए ने कालिंदीपुरम और कसारी-मसारी क्षेत्र में 30 बीघा से अधिक क्षेत्र में की गई अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.