यूएई के खोर फक्कन के पास बल्क कैरियर से टकराई अज्ञात वस्तु, जहाज में लगी आग

HIGHLIGHTS
- यूएई के खोर फक्कन के पास लंगर डाले एक बल्क कैरियर से अज्ञात वस्तु टकराई।
- टक्कर के बाद जहाज में आग लग गई।
- घटना खोर फक्कन से 23 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में डिब्बा आउटर पोर्ट लिमिट्स के पास हुई।
तेहरान। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के खोर फक्कन के नजदीक लंगर डाले एक बल्क कैरियर से अज्ञात वस्तु टकरा गई। टक्कर के बाद जहाज में आग लग गई। यूनाइटेड किंगडम मेरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस के मुताबिक, यह घटना खोर फक्कन से 23 नॉटिकल मील उत्तर-पूर्व में डिब्बा आउटर पोर्ट लिमिट्स के पास हुई।
बताया गया है कि अज्ञात वस्तु जहाज के बाईं ओर टकराई। इस घटना में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं
यह समुद्री घटना ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के दावे के एक दिन बाद हुई है। आईआरजीसी ने दावा किया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य में तीन टैंकर नौसैनिक बारूदी सुरंगों की चपेट में आने के बाद आग की चपेट में आ गए। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी IRNA के अनुसार, आईआरजीसी का कहना था कि अमेरिकी सैन्य सुरक्षा मौजूद होने के बावजूद इन जहाजों में विस्फोट हुए। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।
IRGC की शिपिंग कंपनियों और जहाज कमांडरों को चेतावनी
ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड ने शिपिंग कंपनियों और जहाजों के कमांडरों को कड़ी चेतावनी जारी की है। उसने कहा है कि होर्मुज जलडमरूमध्य में बिना अनुमति वाले रास्तों का इस्तेमाल करने या समुद्री चेतावनियों को नजरअंदाज करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आईआरजीसी ने साफ किया कि अमेरिकी सुरक्षा मिलने का यह अर्थ नहीं है कि जहाज उसके नौसैनिक ट्रैफिक कंट्रोल सेंटर के निर्देशों का उल्लंघन कर सकते हैं। ऐसा करने को हमलावर ताकतों के साथ मिलीभगत माना जाएगा और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर, खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते समुद्री तनाव के बीच कूटनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। वाशिंगटन में कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल-थानी तथा अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने आठवें कतर-अमेरिका रणनीतिक संवाद की सह-अध्यक्षता की।
इस बैठक में दोनों नेताओं ने क्षेत्र की मौजूदा स्थिति पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही, तनाव कम करने और क्षेत्रीय सुरक्षा एवं स्थिरता बनाए रखने के लिए आपसी समन्वय और कूटनीतिक प्रयासों को तेज करने पर जोर दिया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.