भारत की भाषाई विविधता देख हैरान हुए पुतिन, पीएम मोदी से बातचीत का सुनाया दिलचस्प किस्सा

HIGHLIGHTS
- रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता की सराहना की।
- पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत का एक किस्सा साझा किया।
- पीएम मोदी ने बताया था कि भारत में करीब 60 करोड़ लोग आधिकारिक भाषा बोलते हैं।
मॉस्को। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन कई मौकों पर भारत की संस्कृति और विविधता की प्रशंसा कर चुके हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान भी उन्होंने भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता की जमकर तारीफ की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि भारत में आधी से अधिक आबादी अलग-अलग भाषाएं बोलती है, जो हैरान करने वाली बात है।
भारतीय सभ्यता का भी किया उल्लेख
स्पुतनिक की रिपोर्ट के अनुसार, इंटरव्यू में पुतिन ने भारतीय सभ्यता की चर्चा करते हुए कहा कि यह दुनिया की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक है। उन्होंने इसे बेहद दिलचस्प बताते हुए कहा कि भारत के बारे में जितना अधिक जानते हैं, उतना ही इसके प्रति उनका आकर्षण बढ़ता जाता है।
पीएम मोदी से बातचीत का सुनाया किस्सा
इस दौरान रूसी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई एक बातचीत का किस्सा भी साझा किया। पुतिन ने बताया कि हाल ही में उन्होंने पीएम मोदी से पूछा था कि भारत में कितने लोग आधिकारिक भाषा बोलते हैं।
पुतिन के मुताबिक, इस सवाल पर प्रधानमंत्री मोदी ने जवाब दिया कि करीब 60 करोड़ लोग आधिकारिक भाषा बोलते हैं। इसके बाद उन्होंने भारत की कुल आबादी के बारे में पूछा, जिस पर मोदी ने बताया कि देश की जनसंख्या लगभग डेढ़ अरब है।
भारत की भाषाई विविधता से प्रभावित हुए पुतिन
पुतिन ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी का जवाब सुनकर वह काफी प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि इसका मतलब है कि देश की केवल एक-तिहाई आबादी ही उस भाषा को बोलती है। जब उन्होंने बाकी दो-तिहाई आबादी की भाषा के बारे में पूछा तो पीएम मोदी ने बताया कि वे सभी अपनी-अपनी भाषाओं का इस्तेमाल करते हैं।
इस पर पुतिन ने हैरानी जताते हुए कहा कि क्या यह अद्भुत बात नहीं है? यह वास्तव में चौंकाने वाला है।
भारत में भाषाओं से जुड़े अहम तथ्य
भारत में किसी एक भाषा को 'राष्ट्रभाषा' का दर्जा नहीं दिया गया है। केंद्र स्तर पर हिंदी और अंग्रेजी दो आधिकारिक भाषाएं हैं। इसके अलावा भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में 22 भाषाओं को मान्यता प्राप्त है। इनमें असमिया, बांग्ला, बोडो, डोगरी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू सहित अन्य भाषाएं शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ पुतिन के इंटरव्यू का वीडियो
पुतिन के इस इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। इससे पहले पिछले महीने 'वाल्डाई डिस्कशन क्लब' में भी रूसी राष्ट्रपति ने भारत की विशेषता और विविधता की सराहना की थी। उन्होंने भारत को अनोखा, विविधतापूर्ण और एकजुट बताते हुए कहा था कि देश का आकार और उसकी विविधता हर किसी को हैरान कर देती है।
























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.