शेख हसीना की वापसी पर बांग्लादेश सरकार का सख्त रुख, कहा- हथकड़ी लगाकर ही लौट सकती हैं पूर्व PM

HIGHLIGHTS
- शेख हसीना ने 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की इच्छा जताई है।
- बांग्लादेश सरकार ने उनकी वापसी को लेकर सख्त रुख अपनाया है।
- विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबीर ने कहा कि हसीना को प्रत्यर्पण के जरिए ही वापस लाया जा सकता है।
ढाका। बांग्लादेश सरकार ने अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने के इरादे को वास्तविकता से दूर बताया है। सरकार का कहना है कि हसीना बांग्लादेश तभी लौट सकती हैं, जब उन्हें हथकड़ी पहनाकर एक आतंकवादी के रूप में वापस लाया जाए।
विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कोबीर ने हसीना पर आतंकवाद से जुड़े आरोप दोहराए। उन्होंने कहा, "बांग्लादेश के लोग आतंकवाद का केवल एक ही रूप जानते हैं, शेख हसीना द्वारा प्रायोजित अवामी आतंकवाद... वह एक दोषी अपराधी हैं, एक भगोड़ी आतंकवादी।"
'शेख हसीना को प्रत्यर्पण के जरिए ही लौटना होगा'
हुमायूं कोबीर ने कहा, "अपनी बेचैनी के चलते वह पैसे देकर या लोगों की मदद लेकर चीजें छपवा सकती हैं, लेकिन हकीकत और चाहत दो अलग-अलग बातें हैं। इनके बीच अंतर समझना होगा। सच्चाई यह है कि किसी आतंकवादी को प्रत्यर्पण के अलावा किसी दूसरे तरीके से वापस आने की अनुमति कभी नहीं दी जाएगी। जहां तक उनकी इच्छा का सवाल है, ऐसा लगता है कि वह बिस्तर पर सोती हैं और उन्हें ऐसे बुरे सपने आते हैं कि मैं बांग्लादेश लौट रही हूं या हवाई जहाज से वापस जा रही हूं।"
शेख हसीना की ओर से स्वदेश लौटने की एक तय तारीख घोषित किए जाने के बाद तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश सरकार की यह पहली प्रतिक्रिया है। इस बयान से देश में राजनीतिक और कानूनी तनाव बढ़ने की आशंका है। बांग्लादेश में उनकी पार्टी अवामी लीग पर प्रतिबंध लगा हुआ है। वहीं, इस महीने की शुरुआत में हसीना की ओर से नया पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज मांगे जाने के बाद देश में हिंसा भी बढ़ी है।
बांग्लादेश सरकार से शेख हसीना ने क्या मांग की?
शेख हसीना ने बांग्लादेश सरकार से अनुरोध किया है कि विद्रोह के बाद दिल्ली भागने के कुछ महीनों बाद रद्द किए गए उनके जरूरी दस्तावेज फिर से उपलब्ध कराए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के जरिए अपनी स्वदेश वापसी की व्यवस्था करने की मांग भी की है।
हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि हसीना को केवल भारत के रास्ते प्रत्यर्पित करके ही वापस लाया जा सकता है। पिछले साल बांग्लादेश की एक अदालत ने छात्रों के नेतृत्व वाले विद्रोह को दबाने के लिए घातक कार्रवाई का आदेश देने के आरोप में उनकी गैरमौजूदगी में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी। निर्वासन में रह रहीं शेख हसीना ने इन आरोपों को खारिज किया है।
'हथकड़ी या कड़ी निगरानी में ही लौटना होगा'
हसीना के अनुरोध को अस्वीकार करते हुए हुमायूं कोबीर ने कहा, "नहीं, वह कोई सामान्य कमर्शियल यात्री नहीं हैं। उन्हें केवल हथकड़ी लगाकर या कड़ी निगरानी में ही वापस लाया जा सकता है।"
शेख हसीना को मौत की सजा सुनाने वाले बांग्लादेश के इंटरनेशनल क्राइम्स ट्रिब्यूनल के मुख्य अभियोजक अमीनुल इस्लाम ने भी इस मामले पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक दोषी और फरार व्यक्ति का यह उम्मीद करना कि सरकार उसकी वापसी का इंतजाम करेगी, तर्कहीन है।
वहीं, बांग्लादेश के एक मंत्री ने रविवार को समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि हसीना के देश लौटने पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें वापस लाने के लिए विमान भेजने के संबंध में भारत के साथ कोई आधिकारिक बातचीत नहीं हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.