यूपी: 10 लाख छात्रों को ड्रेस व जूते-मोजे खरीदने के लिए मिलेंगे 1200-1200 रुपये

HIGHLIGHTS
- उत्तर प्रदेश के परिषदीय स्कूलों के 10 लाख और बच्चों को जल्द 1,200-1,200 रुपये DBT के जरिए मिलेंगे।
- अभिभावकों के बैंक खातों में ड्रेस, जूते-मोजे और अन्य सामग्री खरीदने के लिए राशि भेजी जाएगी।
- पहले चरण में 1.10 करोड़ बच्चों के अभिभावकों के खातों में राशि भेजी जा चुकी है।
उत्तर प्रदेश के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले करीब 10 लाख और बच्चों के अभिभावकों के बैंक खातों में जल्द ही 1,200-1,200 रुपये डीबीटी के जरिए भेजे जाएंगे। यह राशि बच्चों के लिए ड्रेस, जूते-मोजे समेत अन्य जरूरी सामग्री खरीदने के लिए दी जाएगी। शिक्षक अभिभावकों को इस राशि से ड्रेस और अन्य सामग्री खरीदने के लिए प्रेरित करेंगे। शिक्षक-अभिभावक बैठकों में भी इस संबंध में जानकारी ली जाएगी, ताकि सभी बच्चे यूनिफॉर्म पहनकर विद्यालय पहुंचें।
प्रदेश के परिषदीय स्कूलों में 1.25 करोड़ से अधिक बच्चे अध्ययनरत हैं। बेसिक शिक्षा विभाग ने पहले चरण में 1.10 करोड़ बच्चों के अभिभावकों के खातों में ड्रेस, जूते-मोजे, स्कूली बैग और स्टेशनरी आदि खरीदने के लिए धनराशि भेजी थी। हर वर्ष परिषदीय विद्यालयों में नए बच्चों का प्रवेश होता है। कक्षा एक और कक्षा छह में दाखिले के अलावा अन्य कक्षाओं में भी कई नए विद्यार्थी प्रवेश लेते हैं। विभाग की ओर से परिषदीय स्कूलों में नामांकन बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।
अब नए विद्यार्थियों के साथ उन कुछ पुराने छात्रों को भी डीबीटी की राशि दी जाएगी, जिन्हें किसी कारणवश पहले यह रकम नहीं मिल सकी थी। करीब 10 लाख छात्रों का डाटा तैयार कर लिया गया है और उन्हें जल्द ही राशि भेजी जाएगी। वहीं, शेष 15 लाख छात्रों के अभिभावकों के बैंक खातों को आधार से लिंक कराने और अन्य जरूरी दस्तावेज पूरे करने की प्रक्रिया जारी है। सत्यापन पूरा होने के बाद इन छात्रों के लिए भी ड्रेस, जूते-मोजे आदि खरीदने के लिए राशि भेजी जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.