यूपी के बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह 14 नवंबर को मेघना चौधरी से करेंगे सगाई, स्कूल में हुई थी पहली मुलाकात

HIGHLIGHTS
- सगाई समारोह अलीगढ़ में तालानगरी स्थित संत फिदेलिस स्कूल के पास मैदान में होगा।
- मेघना चौधरी का परिवार अलीगढ़ के गोंडा ब्लॉक के रुदायन उर्फ तारापुर गांव से जुड़ा है।
- संदीप सिंह और मेघना की पहली मुलाकात दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में पढ़ाई के दौरान हुई थी।
अलीगढ़: बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह की होने वाली जीवनसाथी के नाम से पर्दा उठ गया है। वह 14 नवंबर को अलीगढ़ के गोंडा ब्लॉक के तारापुर गांव से संबंध रखने वाली मेघना चौधरी के साथ सगाई करेंगे। दोनों की पहचान स्कूल में पढ़ाई के दौरान हुई थी और अब यह रिश्ता पारिवारिक संबंध में बदलने जा रहा है।
सगाई का कार्यक्रम 14 नवंबर को अलीगढ़ में तालानगरी स्थित संत फिदेलिस स्कूल के पास मैदान में आयोजित किया जाएगा। इसी समारोह में संदीप सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह की सगाई भी होगी। सौरभ का रिश्ता अंतरा त्यागी के साथ तय हुआ है। दोनों भाइयों की सगाई एक ही दिन और एक ही आयोजन में होने से परिवार में खुशी का माहौल है। हालांकि, अभी विवाह की तारीख तय नहीं की गई है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, शादी का आयोजन दिल्ली में हो सकता है।
मेघना चौधरी का परिवार मूल रूप से अलीगढ़ जिले के गोंडा ब्लॉक के रुदायन उर्फ तारापुर गांव का रहने वाला है। उनके दादा राधेश्याम चौधरी नौसेना से सेवानिवृत्त हैं। वह अपनी पत्नी सावित्री देवी के साथ गांव में बने मकान में रहते हैं, जबकि परिवार के बाकी सदस्य लंबे समय से गाजियाबाद में रह रहे हैं। पोती की सगाई की खबर से राधेश्याम चौधरी और उनकी पत्नी काफी खुश हैं।
मेघना के पिता अरुण चौधरी ठेकेदारी का काम करते हैं। उनके दो छोटे भाई राकेश और अजय जूतों के कारोबार से जुड़े हैं। मेघना का एक छोटा भाई करन चौधरी भी है। राधेश्याम चौधरी ने बताया कि परिवार के सदस्य 14 नवंबर को होने वाले समारोह में शामिल होंगे। गांव के कुछ लोग भी उनके साथ कार्यक्रम में जाएंगे। हालांकि, गांव में सगाई या शादी का कोई आयोजन नहीं रखा गया है।
कानून की पढ़ाई के लिए विदेश गई थीं मेघना
संदीप सिंह और मेघना चौधरी की मुलाकात अलीगढ़ के दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) में पढ़ाई के दौरान हुई थी। संदीप उनसे सीनियर थे। वर्ष 2012 में बारहवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद संदीप ने स्कूल छोड़ दिया, जबकि मेघना ने आगे की पढ़ाई जारी रखी। बाद में वह कानून की पढ़ाई करने के लिए विदेश चली गईं।
वर्ष 2024 में दोनों के रिश्ते को लेकर परिवारों के बीच बातचीत शुरू हुई थी। इस सिलसिले में संदीप सिंह के परिजन मेघना के परिवार से मिलने गाजियाबाद भी पहुंचे थे। हालांकि, उस समय परिवार में कुछ मतभेद होने के कारण रिश्ता तय नहीं हो पाया था।
बचपन की पहचान अब रिश्तेदारी में बदलेगी
डीपीएस में पढ़ाई के दौरान शुरू हुई संदीप सिंह और मेघना चौधरी की पहचान समय के साथ गहरी होती गई। स्कूल छोड़ने और आगे की पढ़ाई के लिए अलग-अलग रास्तों पर जाने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा। शुरुआत में परिवारों के बीच कुछ मतभेद जरूर आए, लेकिन बाद में दोनों पक्षों की सहमति बन गई। अब 14 नवंबर को होने वाली सगाई के साथ स्कूल के दिनों से शुरू हुआ यह परिचय रिश्तेदारी में बदलने जा रहा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.