यूपी में कभी अपराध की इंडस्ट्री थी, अब डिफेंस कॉरिडोर बन रहे: अमित शाह

HIGHLIGHTS
- अमित शाह ने ग्रेटर नोएडा में UPITS के चौथे संस्करण का उद्घाटन किया।
- उन्होंने कहा कि यूपी में निवेश के लिए जरूरी कई परिस्थितियां मौजूद हैं।
- प्रदेश ने वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य तय किया है।
ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक समय अपराध की इंडस्ट्री चलती थी। शहर-शहर वाहन चोरी के कुटीर उद्योग और अवैध कट्टे बनाने का काम होता था। लेकिन आज उसी उत्तर प्रदेश में कट्टा उद्योग की जगह डिफेंस कॉरिडोर, वाहन चोरी की जगह वाहन निर्माण और चेन स्नैचिंग की जगह मेडिकल डिवाइस पार्क बन रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश में यह बदलाव आया है और अब प्रदेश देश-दुनिया के निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। अमित शाह गुरुवार को ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) के चौथे संस्करण के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
देश के विकास इंजन की ओर बढ़ रहा यूपी
अमित शाह ने कहा कि 2013 में उत्तर प्रदेश की स्थिति ऐसी थी कि लखनऊ में औद्योगिक निवेश सम्मेलन तक आयोजित नहीं हो सकता था। अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए इसे दिल्ली में आयोजित किया था। आज वही उत्तर प्रदेश निवेश के केंद्र के रूप में देश का विकास इंजन बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि निवेश आकर्षित करने के लिए कानून-व्यवस्था, अनुकूल औद्योगिक नीति, सक्रिय सरकार और उद्योगों को सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। उत्तर प्रदेश में ये सभी परिस्थितियां मौजूद हैं। इसी का नतीजा है कि राज्य ने वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य रखा है।
यूपी के डिफेंस कॉरिडोर में आ रहा निवेश
केंद्रीय गृह मंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में झांसी, चित्रकूट, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़ और कानपुर में डिफेंस कॉरिडोर के छह नोड विकसित किए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में रक्षा उपकरणों के निर्माण के लिए निवेश किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि देश का रक्षा उत्पादन अब करीब 1.78 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है और 2013-14 की तुलना में रक्षा उत्पादों के निर्यात में 56 गुना वृद्धि हुई है।
अमित शाह के मुताबिक, भारत के रक्षा उत्पाद अब करीब 80 देशों को निर्यात किए जा रहे हैं, जिसमें उत्तर प्रदेश की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रदेश सरकार ने डिफेंस कॉरिडोर के साथ बेहतर इन्फ्रास्ट्रक्चर और अनुकूल नीतियों के जरिए निवेश को आसान बनाने का काम किया है। अमेठी में निर्मित एके-203 राइफल और उत्तर प्रदेश में तैयार किए जा रहे अन्य रक्षा उत्पाद राज्य की नई औद्योगिक क्षमता को दर्शाते हैं।
ODOP से रोजगार के अवसर बढ़े
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) की अहम भूमिका है। इसके जरिए पारंपरिक उद्योगों और हस्तशिल्प को बढ़ावा दिया गया है और स्थानीय उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराया गया है।
उन्होंने कहा कि जो युवा पहले रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख करते थे, उन्हें अब अपने ही प्रदेश में रोजगार और उद्यम के अवसर मिल रहे हैं।
भदोही का कालीन, फिरोजाबाद का कांच, सहारनपुर की काष्ठ कला, कन्नौज का इत्र और बनारस की रेशमी साड़ी ने देश और दुनिया में अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों के साथ वाराणसी की मलाईयो, तिरंगा बर्फी, आगरा के पेठा, मथुरा के पेड़ा और मेरठ की गजक को भी व्यापक बाजार मिलेगा।
वैश्विक व्यापार के मंच के रूप में उभर रहा UPITS
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में देश-दुनिया से खरीदारों और उद्यमियों की भागीदारी से प्रदेश में निवेश, उत्पादन और बिक्री की संभावनाएं बढ़ेंगी।
उन्होंने कहा कि पहले संस्करण में राष्ट्रपति, दूसरे में उपराष्ट्रपति और तीसरे संस्करण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी रही थी। चौथे संस्करण के उद्घाटन में शामिल होकर उन्हें खुशी हो रही है।
अमित शाह ने बताया कि 2025 के ट्रेड शो में पांच लाख से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया था और 2,400 से ज्यादा एमओयू हुए थे। इस वर्ष के आयोजन से पिछले सभी रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद है।
केंद्रीय गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश सरकार को ट्रेड शो के आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि उत्तर प्रदेश इसी तरह विकास की दिशा में आगे बढ़ता रहेगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.