लखनऊ कांग्रेस कार्यालय में हंगामा, धक्कामुक्की के बीच चले जूते

HIGHLIGHTS
- लखनऊ कांग्रेस कार्यालय में पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान विवाद।
- अजय राय नाराज होकर कार्यालय के बाहर बैठ गए।
- प्रमोद तिवारी अजय राय को मनाने में जुटे रहे।
लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित कांग्रेस कार्यालय में आराधना मिश्रा ‘मोना’ और इमरान मसूद के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान विवाद हो गया। कार्यक्रम में अजय राय के साथ एक महिला कांग्रेस नेता द्वारा कथित तौर पर बदसलूकी किए जाने से उनके समर्थक नाराज हो गए।
नाराज अजय राय कांग्रेस कार्यालय के बाहर बैठ गए। इस दौरान समर्थकों के बीच हंगामा और धक्कामुक्की हुई। नौबत जूते चलने तक पहुंच गई। स्थिति को संभालने के लिए वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी अजय राय को मनाने में लगे रहे। पदभार ग्रहण के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस शुरू होने की तैयारी थी, लेकिन अजय राय उसमें शामिल होने के लिए अंदर नहीं गए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बोलीं- देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने प्रेस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में देश का लोकतंत्र और संविधान खतरे में है। बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान की रक्षा करना हर नागरिक और कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि यह समय स्वागत और सम्मान समारोह का नहीं, बल्कि संघर्ष का है। कांग्रेस का इतिहास स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर राष्ट्र निर्माण तक बलिदान और संघर्ष से भरा रहा है। पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है कि वह इस परंपरा को आगे बढ़ाए।
मोना ने भरोसा दिलाया कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी सांसद व कार्यकर्ता लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़कों पर संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने संकल्प जताया कि संविधान और लोकतंत्र की सुरक्षा सुनिश्चित होने तक यह लड़ाई जारी रहेगी।
मोना के नेतृत्व में प्रदेश में वापसी करेगी कांग्रेस: प्रमोद तिवारी
आराधना मिश्रा ‘मोना’ को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि मोना का पूरा जीवन कांग्रेस में बीता है। उन्होंने पंचायत सदस्य से लेकर विधायक और फिर प्रदेश में पार्टी के सर्वोच्च पद तक का सफर तय किया है।
प्रमोद तिवारी ने विश्वास जताया कि मोना के नेतृत्व में कांग्रेस प्रदेश में वापसी जरूर करेगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.