औरंगाबाद में पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, थानाध्यक्ष समेत चार घायल

HIGHLIGHTS
- औरंगाबाद के बलिकरना गांव में जांच करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, जिसमें थानाध्यक्ष समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
- हमले में थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
- पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य की तलाश जारी है।
औरंगाबाद। जम्होर थाना क्षेत्र के बलिकरना गांव में मारपीट की घटना के बाद तनाव की सूचना मिलने पर मंगलवार देर शाम पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। इस दौरान ग्रामीणों ने पुलिस दल पर अचानक हमला कर दिया।
हमले में जम्होर थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता, दरोगा अजीत खरवार, महिला दारोगा पुष्पा कुमारी और एक महिला सिपाही घायल हो गए। इनमें थानाध्यक्ष की हालत गंभीर बताई जा रही है।
एफआईआर के बाद जांच के लिए पहुंची थी पुलिस
जानकारी के अनुसार, बलिकरना गांव में ज्वाला पासवान और दूसरे पक्ष के मनीष कुमार राम, अर्जुन राम, भीम राम सहित अन्य लोगों के बीच पहले से विवाद चल रहा था।
इस मामले में ज्वाला पासवान ने सोमवार को जम्होर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस इसी मामले की जांच और कार्रवाई के लिए गांव पहुंची थी।
भीड़ ने लाठी-डंडों और पत्थरों से किया हमला
पुलिस के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में पुलिसकर्मी संभल नहीं पाए और कई लोग घायल हो गए।
हमले में घायल सभी पुलिसकर्मियों को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया गया। थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि दोषियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.