विपक्ष पर बरसे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, बोले- सरकार हर मुद्दे पर चर्चा को तैयार

HIGHLIGHTS
- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार संसद में हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है।
- उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने और भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।
- पंकज चौधरी ने नीट मामले में सरकार की कार्रवाई और छात्रों के हितों को प्राथमिकता देने की बात कही।
लखनऊ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार को प्रदेश मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार संसद में हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष केवल सदन की कार्यवाही बाधित करना चाहता है।
पंकज चौधरी ने कहा कि विपक्ष ने संविधान परिवर्तन और चुनावी सुधार जैसे मुद्दों को लेकर भी भ्रम फैलाने का प्रयास किया था, लेकिन सरकार ने संसद में विस्तृत चर्चा कर तथ्यों को सामने रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी कैमरे की राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश के इतिहास में ऐसा कभी नहीं हुआ कि किसी राजनीतिक दल ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर धरना दिया हो। पंकज चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नीतियों का केंद्र युवा शक्ति है।
उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा में अनियमितताओं की जानकारी मिलने के बाद सरकार ने दोबारा परीक्षा कराई, जिसका परिणाम भी जारी किया जा चुका है।
छात्रों का हित सरकार की प्राथमिकता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के लिए छात्रों का हित सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द और कड़ी सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पंकज चौधरी ने कहा कि सरकार नियमों के तहत और जितनी देर तक जरूरत हो, उतनी देर तक चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन विपक्ष चर्चा से बचकर केवल भ्रम और अराजकता फैलाने का काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यकाल में एम्स, आईआईटी, मेडिकल कॉलेजों और उच्च शिक्षा संस्थानों की संख्या के साथ-साथ सीटों में भी ऐतिहासिक बढ़ोतरी हुई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.