इंदौर के पास सांवेर में पुराने मकान की दीवार भरभराकर गिरी, तीन की मौत; दो घायल

HIGHLIGHTS
- मकान को हटाने के लिए पहले ही नोटिस दिया जा चुका था।
- दीवार गिरने के बाद पांच लोग मलबे में दब गए थे।
- ग्रामीणों और पुलिस जवानों ने राहत एवं बचाव में मदद की।
इंदौर के पास सांवेर गांव में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। जर्जर मकान की दीवार गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि मलबे में दबकर दो लोग घायल हो गए। मकान कई वर्षों पुराना था और अफसरों की ओर से इसे हटाने के लिए नोटिस भी दिया गया था।
मकान मालिक ने सुरक्षा इंतजामों की अनदेखी करते हुए मजदूरों को मकान हटाने का काम सौंपा था। मकान तोड़ने के दौरान एक दीवार वहां काम कर रही मजदूर महिलाओं पर गिर गई। हादसे में पांच लोग मलबे के नीचे दब गए। इनमें से तीन की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
ग्रामीणों ने मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला और पहले सांवेर अस्पताल पहुंचाया। यहां से घायलों को इंदौर के अस्पताल भेजा गया। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। मकान मालिक इंदौर में रहता है। जर्जर होने के चलते मकान में कोई नहीं रहता था।
मलबे में लोगों के दबे होने की जानकारी मिलने के बाद इंदौर से एसडीआरएफ की टीम रवाना की गई। स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस जवान भी मलबे में फंसे लोगों को निकालने में जुटे रहे। सबसे पहले मलबे से एक शव बाहर निकाला गया, इसके बाद दो और शव बरामद किए गए।
ग्रामीणों ने मलबे में एक बच्चे के दबे होने की आशंका भी जताई थी, लेकिन बचाव टीम को वहां कोई बच्चा नहीं मिला। हादसे की सूचना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। पुलिसकर्मी बार-बार भीड़ को हटाते रहे। मकान सांवेर के घनी आबादी वाले इलाके में स्थित था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.