गाजियाबाद की पुलिस चौकी के बाहर युवक ने खुद को लगाई आग, अस्पताल में भर्ती

HIGHLIGHTS
- विवाद के बाद दोनों पक्ष पुलिस चौकी पहुंचे
- पुलिस ने दोनों पक्षों को बातचीत के लिए बुलाया था
- मोनू ने अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया
गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र की नेहरू गार्डन पुलिस चौकी पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद के दौरान एक युवक ने चौकी से बाहर निकलकर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा ली। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आग बुझाई और युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुरानी रंजिश को लेकर दोनों पक्षों के बीच देर रात फिर विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों ने खोड़ा पुलिस को एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पानी का काम करने वालों से पुराना विवाद
खोड़ा की नेहरू गार्डन कॉलोनी में मोनू अपने परिवार के साथ रहते हैं। कॉलोनी में पानी का काम करने वाले कुछ लोगों से उनका पुराना विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर फिर झगड़ा हुआ। विवाद के बाद दोनों पक्ष नेहरू गार्डन पुलिस चौकी पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी।
चौकी में बातचीत के दौरान बिगड़ी स्थिति
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाया। वहां दोनों पक्षों के बीच बातचीत चल रही थी। इसी दौरान मोनू गुस्से में चौकी से बाहर निकले और अपने ऊपर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा ली।
पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाई और युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने उसकी हालत सुरक्षित और खतरे से बाहर बताई है।
पुलिस ने क्या बताया?
एसीपी इंदिरापुरम (कार्यवाहक) अमित सक्सेना ने बताया कि बुधवार रात दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। मामले में दोनों पक्षों ने पुलिस को अपने-अपने प्रार्थना पत्र दिए थे। उन्होंने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
पुलिस चौकी के बाहर मोनू के खुद को आग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि मोनू ने पहले अपने ऊपर पेट्रोल डाला और इसके बाद माचिस की तीली जलाकर खुद को आग लगा ली।
वीडियो में मोनू के पास खड़े कुछ लोग फोन से घटना की रिकॉर्डिंग करते नजर आ रहे हैं। आग लगते ही मौके पर शोर-शराबा शुरू हो गया। इसके बाद पुलिसकर्मी बाहर आए और आग बुझाने लगे।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.