गाजियाबाद में रक्षाबंधन से पहले जाम ही जाम, लालकुआं से डासना तक वाहनों की लंबी कतार

HIGHLIGHTS
- लालकुआं से डासना तक वाहनों की लंबी कतार लगी
- डासना के पास हापुड़ जाने वाली लेन पर बढ़ा दबाव
- कई जगह 15 मिनट का सफर तय करने में लगा एक घंटा
गाजियाबाद। रक्षाबंधन से एक दिन पहले शुक्रवार को सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ने से दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे, लालकुआं और एनएच-नौ पर कई जगह जाम की स्थिति बनी रही। लालकुआं पर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं, जबकि एनएच-नौ पर यातायात की रफ्तार काफी धीमी रही।
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भी लालकुआं से डासना तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। डासना के पास दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के प्रवेश बिंदु पर हापुड़ जाने वाली लेन में वाहनों की संख्या बढ़ने से जाम लग गया। एबीईएस कॉलेज के आसपास भी वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ा।
26 से 28 अगस्त तक लागू है डायवर्जन
रक्षाबंधन के अवसर पर दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में लोगों के आने-जाने को देखते हुए यातायात पुलिस ने 26 से 28 अगस्त तक भारी वाहनों के लिए डायवर्जन लागू किया है। भारी वाहनों को दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर भेजा जा रहा है, जबकि एनएच-नौ पर इनके संचालन पर रोक है। लालकुआं और एनएच-नौ पर सबसे अधिक यातायात दबाव देखने को मिला।
डासना में डीएमई के प्रवेश बिंदु पर हापुड़ जाने वाली लेन में वाहनों की कतार लगी रही। एबीईएस कॉलेज के पास भी वाहनों की रफ्तार धीमी रही। कई जगह 15 मिनट का सफर तय करने में एक घंटे तक का समय लगा। लालकुआं पर वाहनों का दबाव बढ़ने के बाद कुछ वाहन चालक बुलंदशहर रोड औद्योगिक क्षेत्र की तरफ गए, लेकिन वहां भी उन्हें जाम का सामना करना पड़ा।
जलजमाव के चलते बम्हेटा अंडरपास बंद
बृहस्पतिवार को पुलिस ने जलजमाव के कारण बम्हेटा अंडरपास को बंद कर दिया था। औद्योगिक क्षेत्र की सड़क से एनएच-नौ की सर्विस लेन को चौड़ा करने का काम चल रहा है। ऐसे में औद्योगिक क्षेत्र से एनएच जाने वाले वाहन चालकों को लालकुआं तक जाना पड़ा, जहां उन्हें जाम में फंसना पड़ा।
इसी तरह जीटी रोड से लालकुआं के बीच भी भाटिया मोड़ के बाद वाहन जाम में फंसे रहे। जीटी रोड पर सड़क किनारे मलबा पड़ा होने के कारण यातायात प्रभावित हुआ।
प्रतिबंध के बावजूद डीएमई पर दिखे दोपहिया वाहन
दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर दोपहिया वाहनों के संचालन पर रोक के बावजूद शुक्रवार को कई दोपहिया वाहन चलते दिखाई दिए। त्योहार के चलते यातायात दबाव बढ़ने के बीच दोपहिया वाहन सवारों ने नियमों का पालन नहीं किया। कुछ जगहों पर दोपहिया वाहन विपरीत दिशा में भी चलते नजर आए, जिससे हादसे की आशंका बनी रही।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.