गाजियाबाद में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, दंपती की मौके पर मौत

HIGHLIGHTS
- गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में NH-9 पर रविवार सुबह करीब 11 बजे हादसा हुआ।
- छिजारसी कट के पास तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मारी।
- हादसे में आशीष आनंद (36) और उनकी पत्नी नीलम त्यागी (32) की मौत हो गई।
- हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में एनएच-9 पर छिजारसी कट के पास रविवार सुबह करीब 11 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक से जा रहे दंपती को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक ट्रक के अगले हिस्से में फंस गई और ट्रक दोनों को करीब 50 मीटर तक घसीटता चला गया। हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
हादसे के बाद दिल्ली से मेरठ जाने वाले मार्ग पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने ट्रक और बाइक को कब्जे में ले लिया है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
पति एरिया मैनेजर, पत्नी थीं डायटीशियन
पुलिस के मुताबिक, इंदिरापुरम की साया गोल्ड सोसायटी के टावर-सात में आशीष आनंद (36) अपनी पत्नी नीलम त्यागी (32) और छह साल की बेटी अश्विका के साथ रहते थे। आसपास के लोगों के अनुसार, आशीष दिल्ली की जीएसके इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर काम करते थे। वहीं, नीलम पहले इंदिरापुरम के एक निजी अस्पताल में डायटीशियन थीं।
पिछले कुछ समय से नीलम घर से ही लोगों को डाइट प्लान उपलब्ध करा रही थीं और ऑनलाइन काउंसलिंग भी करती थीं। दंपती ने करीब दो साल पहले ही इस सोसायटी में फ्लैट खरीदा था।
आशीष ने हेलमेट लगाया था, नीलम बिना हेलमेट थीं
नीलम के भाई गौरव ने बताया कि वह बागपत के धटौली के रहने वाले हैं और रक्षाबंधन के अवसर पर बहन से राखी बंधवाने आए थे। रविवार को छुट्टी होने के कारण आशीष और नीलम तुराबनगर बाजार में खरीदारी करने के लिए निकले थे।
घर से कुछ दूरी पर पहुंचते ही पीछे से आए पंजाब के होशियारपुर में पंजीकृत लोडेड ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के वक्त आशीष ने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि नीलम ने हेलमेट नहीं लगाया था। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस दोनों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
सीसीटीवी फुटेज से हो रही हादसे की जांच
एसीपी इंदिरापुरम ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से हादसे की जांच कर रही है और आरोपी चालक को तलाश रही है।
जाम से बचने के लिए खरीदी थी नई बाइक
मृतक नीलम के भाई गौरव के मुताबिक, दंपती ने हाल ही में नई बाइक खरीदी थी और उसका नंबर भी अभी नहीं आया था। जाम से बचने के लिए दोनों इसी बाइक से बाजार के लिए निकले थे।
गौरव ने बताया कि आशीष के बड़े भाई अंकुर ताइवान में नौकरी करते हैं। हादसे की जानकारी उन्हें दे दी गई है और वह भारत आने की तैयारी कर रहे हैं। आशीष के माता-पिता का बचपन में ही निधन हो गया था।
हादसे के बाद लोगों ने किया हंगामा, लगा जाम
एनएच-9 पर सड़क के बीच ट्रक खड़ा होने और मौके पर भीड़ जुटने के कारण दिल्ली से मेरठ जाने वाले रास्ते पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। वहीं, मेरठ से दिल्ली की ओर जाने वाले मार्ग पर भी लोगों ने वाहन रोककर हादसा देखना शुरू कर दिया, जिससे वहां भी यातायात प्रभावित हुआ।
मौके पर मौजूद लोगों ने हंगामा भी किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया, इसके बाद ट्रक को कब्जे में लेकर जाम खुलवाया गया।
2019 में हुई थी आशीष और नीलम की शादी
गौरव ने बताया कि उनकी बहन नीलम की शादी 26 मार्च 2019 को आशीष के साथ हुई थी। शादी के बाद दंपती पहले प्रताप विहार, गाजियाबाद में किराए के मकान में रहते थे। करीब दो साल पहले उन्होंने अपना फ्लैट खरीदा था। फिलहाल उनकी छह साल की बेटी अश्विका अपने नाना-नानी के पास है। बच्ची को अभी तक हादसे की जानकारी नहीं दी गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.