प्रेमानंद महाराज के दर्शन को वृंदावन आया युवक लापता, परिजन खुद लगा रहे पोस्टर

HIGHLIGHTS
- साकेत नामदेव सागर जिले के जलंधर गांव का रहने वाला है।
- वह 1 सितंबर को वृंदावन पहुंचा था।
- साकेत प्रेमानंद महाराज के आश्रम में सेवा और दर्शन के लिए गया था।
वृंदावन। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वृंदावन से एक बार फिर युवक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश के सागर जिले से संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन और आश्रम जाने के लिए वृंदावन पहुंचे एक युवक का कई दिनों से कोई पता नहीं चल सका है। परिजनों का आरोप है कि पुलिस की ओर से अपेक्षित मदद नहीं मिलने के कारण उन्हें खुद ही युवक की तलाश में पोस्टर और पर्चे चस्पा करने पड़ रहे हैं।
1 सितंबर को वृंदावन पहुंचा था युवक
जानकारी के अनुसार, सागर जिले के जरुआखेड़ा के पास स्थित जलंधर गांव निवासी साकेत नामदेव (पुत्र रामगोपाल नामदेव) 1 सितंबर को वृंदावन पहुंचे थे। बताया गया कि वह प्रेमानंद महाराज के आश्रम में सेवा और दर्शन के उद्देश्य से आए थे।
परिजनों के मुताबिक, 12 सितंबर तक साकेत की मोबाइल फोन के जरिए घर पर लगातार बातचीत होती रही। इसके बाद अचानक उनका फोन बंद हो गया और तब से उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी है।
परिजनों ने पुलिस पर लगाया लापरवाही का आरोप
साकेत के अचानक लापता होने से परिवार परेशान है। उनके पिता रामगोपाल नामदेव और चाची संध्या नामदेव ने बताया कि जब बेटे से संपर्क नहीं हो पाया तो वे तुरंत मथुरा-वृंदावन पहुंचे।
परिजनों का आरोप है कि स्थानीय थाने की पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और साकेत की तलाश के लिए कोई ठोस कदम या सहायता नहीं की। इसके बाद परिजनों ने खुद ही वृंदावन क्षेत्र में साकेत की गुमशुदगी से संबंधित पर्चे और पोस्टर लगाए।
परिजनों का कहना है कि वे थाने के चक्कर लगाकर थक चुके हैं, लेकिन पुलिस ने उनके बेटे की तलाश में कोई रुचि नहीं दिखाई। उन्होंने कहा कि उन्हें सिर्फ अपना बेटा सुरक्षित वापस चाहिए।
अब परिजनों ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश प्रशासन से मामले की उच्च स्तर पर जांच कराने और लापता साकेत नामदेव को जल्द ढूंढने की गुहार लगाई है। घटना को लेकर इलाके में चिंता का माहौल है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.