कृष्णबाग के रहवासियों के समर्थन में उतरे जीतू पटवारी, बोले- सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेंगे लड़ाई

HIGHLIGHTS
- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी मंगलवार को इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी पहुंचे।
- उन्होंने मकान टूटने से प्रभावित रहवासियों से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली।
- पटवारी ने कहा कि कांग्रेस कृष्णबाग के लोगों की लड़ाई सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेगी।
इंदौर: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी मंगलवार को इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी पहुंचे और मकान टूटने से प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने पीड़ित रहवासियों से पूरे मामले की जानकारी ली। इस दौरान पटवारी ने कहा कि कृष्णबाग के लोगों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ेगी। इस मामले में पार्टी बड़े वकीलों की मदद भी लेगी।
पटवारी ने सवाल उठाया कि जब अवैध कॉलोनी का निर्माण हो रहा था, तब अधिकारियों ने कार्रवाई क्यों नहीं की? लोगों ने यहां प्लॉट खरीदे और उनके पास मकानों की रजिस्ट्री भी है। बैंकों ने इन मकानों पर कर्ज दिया है, ऐसे में अब इन्हें अवैध कैसे बताया जा रहा है?
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में भूमाफिया फल-फूल रहे हैं। प्रभावित परिवारों के समर्थन में कांग्रेस बड़ा आंदोलन करेगी। इसके लिए उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों को निर्देश भी दिए हैं। पटवारी ने कहा कि अधिकारियों ने केवल मकान नहीं तोड़े, बल्कि उनमें रहने वाले लोगों का भविष्य भी बर्बाद कर दिया। जिन लोगों के घर टूटे हैं, उनमें कोई टेलर है तो कोई मजदूरी करके अपना जीवन चलाता है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इंदौर के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के विधायक हैं और नगर निगम में भी पिछले 25 साल से भाजपा की परिषद है। इसके बावजूद जनता परेशान है। उन्होंने लोगों से सवाल किया कि अब उन्हें सोचना चाहिए कि जिन नेताओं को वे वोट देते हैं, क्या वे मुश्किल वक्त में उनके साथ खड़े हैं?
दो-तीन दिन में बड़े आंदोलन की तैयारी
प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर ली है। अगले दो से तीन दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान कलेक्टर कार्यालय का घेराव भी होगा, जिसमें कृष्णबाग बस्ती के प्रभावित रहवासी भी शामिल होंगे।
गौरतलब है कि इंदौर की कृष्णबाग बस्ती में सोमवार को 40 से अधिक निर्माण तोड़े गए थे। इस कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। मकानों को टूटते देख कई रहवासी भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.