महादेव सट्टा एप केस में दिल्ली का वकील गिरफ्तार, सौरभ चंद्राकर से 15 करोड़ लेने का आरोप

HIGHLIGHTS
- 20 नवंबर को मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लुक आउट सर्कुलर के आधार पर वकील को रोका गया था।
- बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद ईडी ने आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू की।
- अब जांच एजेंसी 15 करोड़ रुपये के लेन-देन और दुबई यात्राओं को लेकर आरोपी से पूछताछ कर रही है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महादेव ऑनलाइन सट्टा एप से जुड़े मामले में दिल्ली के वकील हिमांशु शेखर उर्फ मोहित को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने सोमवार रात 10:30 बजे आरोपी को रायपुर की विशेष अदालत में पेश कर सात दिन की रिमांड मांगी। सुनवाई के बाद अदालत ने ईडी को 28 तारीख तक का रिमांड दे दिया। जांच में खुलासा हुआ है कि एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर ने अपना मामला खत्म कराने और अधिकारियों को प्रभावित करने के लिए हिमांशु को 15 करोड़ रुपये दिए थे।
ईडी ने महादेव ऑनलाइन सट्टा एप के प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर को कस्टोडियल रिमांड पर लिया था। 19 नवंबर तक चली पूछताछ में वकील हिमांशु शेखर का नाम सामने आया। पूछताछ के दौरान सौरभ ने बताया कि उसने अपने खिलाफ दर्ज मामलों को खत्म कराने के लिए वकील को 15 करोड़ रुपये दिए थे। जांच अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी वकील बीते तीन वर्षों में कई बार दुबई गया था, जहां उसकी मुलाकात सौरभ चंद्राकर से हुई थी। अब जांच एजेंसी इन मुलाकातों और संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है।
सौरभ चंद्राकर से हुए लेन-देन की पड़ताल
जांच के दौरान वकील हिमांशु शेखर की भूमिका अहम पाई गई। सौरभ चंद्राकर से मिली जानकारी के आधार पर रायपुर की जांच एजेंसी ने आरोपी के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया था।
20 नवंबर को दोपहर करीब 3:03 बजे हिमांशु शेखर मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से दुबई जाने की कोशिश में था। लुक आउट सर्कुलर के आधार पर हवाई अड्डे के अधिकारियों ने उसे रोक लिया और इसकी जानकारी तुरंत रायपुर जांच एजेंसी को दी।
सूचना मिलने के बाद जांच अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और 21 नवंबर को तड़के 1:10 बजे वकील को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद जांच टीम उसे मुंबई की विशेष पीएमएलए अदालत में लेकर पहुंची और रायपुर ले जाने के लिए दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मांगी।
मुंबई एयरपोर्ट पर हुई थी पहली कार्रवाई
विशेष अदालत में सुनवाई के दौरान विशेष लोक अभियोजक सुनील गोंसाल्विस ने दलील दी कि आरोपी की वास्तविक हिरासत की अवधि 21 नवंबर को तड़के 1:10 बजे से मानी जानी चाहिए। उनका कहना था कि हवाई अड्डे से कार्यालय और फिर अदालत तक पहुंचने में लगा समय 24 घंटे की निर्धारित अवधि में शामिल नहीं किया जाना चाहिए।
वहीं, बचाव पक्ष ने इस दलील का विरोध करते हुए अनिवार्य कानूनी प्रावधानों के उल्लंघन का आरोप लगाया। विशेष पीएमएलए अदालत ने जांच एजेंसी की दलील को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने स्पष्ट किया कि लुक आउट सर्कुलर के आधार पर 20 नवंबर को दोपहर 3:03 बजे रोके जाने के समय से ही 24 घंटे की समय-सीमा की गणना होगी।
अदालत ने 21 नवंबर को दोपहर दो बजे से पहले आरोपी को पेश नहीं किए जाने पर नाराजगी जताई। साथ ही, यात्रा में लगे समय का हवाला भी खारिज कर दिया। इसके बाद अदालत ने ट्रांजिट रिमांड देने से इनकार करते हुए वकील को रिहा करने का आदेश दिया।
बॉम्बे हाईकोर्ट से मिली जांच एजेंसी को राहत
विशेष पीएमएलए अदालत के आदेश को चुनौती देते हुए ईडी के रायपुर जोनल कार्यालय के सहायक निदेशक दिब्येंदु मान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में आपराधिक पुनरीक्षण याचिका दाखिल की। हाईकोर्ट की अवकाशकालीन पीठ के न्यायाधीश शिवकुमार डिगे ने 23 नवंबर को मामले की सुनवाई की। जांच एजेंसी की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता और अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह ने पक्ष रखा। सूचना दिए जाने के बाद भी आरोपी पक्ष की तरफ से कोई वकील अदालत में पेश नहीं हुआ।
मामले के तथ्यों पर विचार करने के बाद हाईकोर्ट ने जांच एजेंसी के पक्ष में फैसला सुनाया। अदालत से राहत मिलने के बाद जांच अधिकारियों ने आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। इसके साथ ही रायपुर की विशेष अदालत में भी आगे की विधिक कार्रवाई के लिए आवेदन दिया गया।
अब जांच एजेंसी आरोपी वकील हिमांशु शेखर को हिरासत में लेकर 15 करोड़ रुपये के लेन-देन, दुबई यात्राओं और मामला खत्म कराने के दावों को लेकर विस्तार से पूछताछ कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.