मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय लोक दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह को उनकी दूसरी पुण्यतिथि पर कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। आरएलडी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों ने हवन पूजन कर किसान नेता को याद किया। बुढ़ाना से विधायक और रालोद विधान मंडल दल के नेता राजपाल बालियान ने कहा कि चौधरी अजीत सिंह ने किसान मजदूर और पिछड़ों के लिए अपना जीवन न्योछावर कर दिया।

राजपाल बालियान ने कहा कि चौधरी अजीत सिंह की दूसरी पुण्यतिथि पर हवन यज्ञ कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। राष्ट्रीय लोकदल की जो नीतियां चौधरी चरण सिंह जी ने बनाई थी। उन्हीं नीतियों पर अजीत सिंह चले थे और उन्हीं नीतियों पर चौधरी जयंत सिंह चल रहे हैं और आगे भी चलते रहेंगे। निकाय चुनाव में गठबंधन के प्रत्याशियों ने मजबूत प्रदर्शन किया और आगामी 13 मई को मतगणना के बाद परिणाम आ जाएंगे। मुजफ्फरनगर में गठबंधन प्रत्याशियों की भारी मतों से जीत होगी।

मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय लोक दल के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह को कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि।

माफियाओं पर हुई कार्रवाई से निकाय चुनाव पर नहीं होगा फर्क
विधायक राजपाल बालियान ने कहा कि यदि माफिया हैं तो उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। इससे निकाय चुनाव पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। अगर माफिया है और उसने क्राइम किया है तो उसको दंड मिलना चाहिए। इससे नगर निकाय चुनाव पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। यदि सरकार अपराधियों पर कार्रवाई कर रही तो विपक्ष मना नहीं कर रहा। राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश संगठन महामंत्री अजीत राठी ने बताया कि जिला मुख्यालय पर हमारे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजीत सिंह की दूसरी पुण्यतिथि पर हवन यज्ञ कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई है।