गुजरात ATS ने वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध आतंकी को पकड़ा, AK-47 और 23 कारतूस बरामद

HIGHLIGHTS
- गुजरात ATS ने वडोदरा से जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध को गिरफ्तार किया।
- आरोपी की पहचान असम के करीमगंज निवासी मोहम्मद सहरुल इस्लाम के रूप में हुई है।
- गिरफ्तारी के दौरान एक AK-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
अहमदाबाद। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वडोदरा से एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए व्यक्ति की पहचान मोहम्मद सहरुल इस्लाम के रूप में हुई है, जो असम का रहने वाला बताया जा रहा है।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों के लिए इसे अहम कामयाबी माना जा रहा है। गुजरात ATS के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के समय संदिग्ध के पास से एक AK-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन पर हमले की बना रहा था योजना
ATS के उप महानिरीक्षक (DIG) सुनील जोशी ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी मोहम्मद सहरुल इस्लाम असम के करीमगंज का रहने वाला है। वह वडोदरा स्थित वायु सेना स्टेशन पर अकेले हमला करने की योजना बना रहा था।
अधिकारी के अनुसार, आरोपी ने एयरफोर्स स्टेशन की रेकी की थी और अपने मोबाइल फोन से उसकी तस्वीरें भी खींची थीं। उसे पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर से निर्देश मिल रहे थे। वह हमले के बाद पाकिस्तान भागने की योजना बना रहा था।
जरोद बस स्टैंड के पास ATS ने पकड़ा
गुजरात ATS को अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़ी पुख्ता खुफिया जानकारी मिली थी। इसके आधार पर टीम ने कल रात करीब 9 बजे जरोद बस स्टैंड के आसपास गुप्त निगरानी अभियान चलाया।
इसी दौरान संदिग्ध एक सरकारी बस से जरोद पहुंचा। बस से उतरते ही पहले से निगरानी कर रही ATS की टीम ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से AK-47 राइफल और कारतूस बरामद किए गए।
हथियारों के नेटवर्क की जांच में जुटी ATS
शुरुआती जांच में पता चला है कि गिरफ्तार व्यक्ति असम का रहने वाला है। ATS उससे गहन पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हथियार कहां से लाए गए थे, इन्हें किसे सौंपा जाना था और क्या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है।
अधिकारी इस पहलू की भी जांच कर रहे हैं कि हथियारों के इस नेटवर्क में कोई स्थानीय व्यक्ति या बाहरी लोग शामिल हैं या नहीं। जांच में गिरफ्तार आरोपी का संबंध जैश-ए-मोहम्मद से होने की बात सामने आई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.