दिल्ली के चार स्पा सेंटरों पर पुलिस की छापेमारी, 29 महिलाएं मुक्त; 15 लोग पकड़े गए

HIGHLIGHTS
- दिल्ली के सेंट्रल जिले में चार स्पा सेंटरों पर पुलिस ने छापेमारी की।
- 26 नवंबर को नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग में कार्रवाई की गई।
- छापेमारी के दौरान कुल 29 महिलाओं को मुक्त कराया गया।
नई दिल्ली। दिल्ली के सेंट्रल जिले में स्पा सेंटरों की आड़ में कथित देह व्यापार कराए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। 26 नवंबर को नबी करीम, पहाड़गंज और करोल बाग में स्थित चार स्पा सेंटरों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 29 महिलाओं को मुक्त कराया गया, जबकि स्पा संचालकों, मैनेजरों, रिसेप्शनिस्ट और ग्राहकों समेत 15 लोगों को गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने चारों मामलों में अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (आईटीपी एक्ट) के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि इन स्पा सेंटरों में मसाज और अन्य सेवाएं देने की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार चलाया जा रहा है। इसके बाद संबंधित थानों की पुलिस टीमों ने डिकॉय ग्राहक भेजकर जानकारी की पुष्टि की। आरोपित गतिविधियों की पुष्टि होने पर चारों जगह एक साथ छापेमारी की गई।
पहाड़गंज और नबी करीम के स्पा सेंटरों पर कार्रवाई
नबी करीम थाना पुलिस ने रामनगर स्थित ए-वन स्पा एंड सैलून में छापा मारा। यहां से छह महिलाओं को मुक्त कराया गया। पुलिस ने मौके से मालिक, सह-मालिक और मैनेजर समेत आठ आरोपियों को पकड़ा। आईटीपी एक्ट के तहत केस दर्ज करने के साथ ही स्पा संचालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 223ए के तहत भी कार्रवाई की गई।
वहीं, पहाड़गंज के मेन बाजार स्थित ऑर्गेनिक स्पा में छापेमारी के दौरान तीन महिलाओं को मुक्त कराया गया। पुलिस के अनुसार, यहां मैनेजर ग्राहकों को स्पा सेवाओं की आड़ में अतिरिक्त सेवाएं देने की पेशकश कर कथित देह व्यापार करा रही थी। पुलिस ने मौके से पांच हजार रुपये नकद, तीन कंडोम, एक रजिस्टर और पेन बरामद किया। मैनेजर को पकड़कर पाबंद किया गया।
करोल बाग के दो स्पा सेंटरों से 20 महिलाएं मुक्त
करोल बाग स्थित मौर्य स्पा और हेरिटेज स्पा में भी डिकॉय ग्राहक भेजकर कार्रवाई की गई। मौर्य स्पा में ग्राहक बनकर पहुंचे पुलिसकर्मी ने कथित अतिरिक्त सेवा के लिए 1500 रुपये दिए। यहां से 10 महिलाओं को मुक्त कराया गया, जबकि दो मैनेजर समेत छह लोगों को पकड़ा गया।
दूसरी कार्रवाई हेरिटेज स्पा में की गई। यहां डिकॉय ग्राहक ने एक हजार रुपये नकद और एक हजार रुपये ऑनलाइन देकर कथित गतिविधि की पुष्टि की। इसके बाद पुलिस ने मौके से 10 महिलाओं को मुक्त कराया और रिसेप्शनिस्ट-कम-मैनेजर को पकड़ लिया।
पुलिस ने चारों स्पा सेंटरों के खिलाफ आईटीपी एक्ट की धारा 3, 4 और 5 के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं। कार्रवाई के दौरान नकदी, ग्राहक रजिस्टर, लाइसेंस से जुड़े दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए।
कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराने पर भी केस
इसके अलावा पटेल नगर थाना पुलिस ने ईस्ट पटेल नगर स्थित द पैलेस स्पा और द गैलेक्सी स्पा के खिलाफ भी कार्रवाई की है। दोनों प्रतिष्ठानों में कर्मचारियों का अनिवार्य पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराया गया था। पुलिस के मुताबिक, दोनों स्पा के प्रबंधकों ने कर्मचारियों का सत्यापन नहीं कराने की बात स्वीकार की। इस मामले में बीएनएस की धारा 223(ए) के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस सभी मामलों में आरोपियों की भूमिका और अन्य संभावित लोगों की संलिप्तता की जांच कर रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.