उज्जैन में आबकारी टीम पर ग्रामीणों का हमला, महिला SI समेत छह कर्मचारी घायल

HIGHLIGHTS
- उज्जैन जिले के ग्राम सालनाखेड़ी में आबकारी विभाग की टीम पर हमला हुआ।
- टीम अवैध कच्ची शराब जब्त करने के लिए पहुंची थी।
- हमले में महिला उपनिरीक्षक रानी सिंह समेत छह कर्मचारी घायल हुए।
उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के ग्राम सालनाखेड़ी में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। टीम शराब जब्त करने की कार्रवाई कर रही थी, तभी आरोपियों ने लोगों को इकट्ठा कर कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। छतों से भी पत्थर फेंके गए। हमले में महिला उपनिरीक्षक सहित आबकारी विभाग के छह कर्मचारी घायल हो गए। इनमें से तीन की हालत गंभीर बताई गई है।
आरोपियों पर टीम से जब्त की जा रही शराब, नकदी, पर्स और सरकारी पहचान पत्र छीनने का भी आरोप है। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।
झोले में मिली कच्ची शराब, कार्रवाई के दौरान जुटाई भीड़
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को आबकारी वृत्त तराना की उपनिरीक्षक रानी सिंह वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान सूचना मिली कि सालनाखेड़ी में जगदीश चौहान के घर के सामने हाथ भट्टी की कच्ची शराब रखी हुई है।
सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची, जहां जगदीश झोला लेकर खड़ा मिला। तलाशी लेने पर झोले से कच्ची शराब के पाउच बरामद हुए। आबकारी कर्मचारी शराब जब्त करने की प्रक्रिया शुरू कर ही रहे थे कि जगदीश ने परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों को आवाज देकर बुला लिया।
कुछ ही देर में लोगों ने टीम को घेर लिया और कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान ग्रामीणों ने छतों से पत्थर भी फेंके, जिससे आबकारी विभाग के छह कर्मचारी घायल हो गए।
वाहनों में तोड़फोड़, शराब और सरकारी पहचान पत्र छीने
हमले के दौरान आरोपियों ने आबकारी विभाग की टीम के वाहनों को भी नुकसान पहुंचाया। कर्मचारियों से जब्त की जा रही शराब के अलावा नकदी, पर्स और सरकारी पहचान पत्र छीन लिए गए। आरोपियों ने टीम को जान से मारने की धमकी दी और सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाई।
घटना के बाद घायल कर्मचारियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पिता-पुत्र गिरफ्तार, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
महिला उपनिरीक्षक रानी सिंह की शिकायत पर माकड़ोन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने सालनाखेड़ी निवासी जगदीश चौहान (43), पुत्र रतनलाल और उसके बेटे कुलदीप चौहान (19) को गिरफ्तार कर लिया है।
दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है। पुलिस हमले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के साथ उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है।
पहले भी पुलिस टीम पर हो चुका है हमला
माकड़ोन थाना क्षेत्र का सतमेला इलाका सात गांवों से मिलकर बना है। इनमें रहवारी, बुखारी, हरूखेड़ी, रत्नाखेड़ी, मनासा, सालनाखेड़ी और बगवाड़ा शामिल हैं। यह क्षेत्र चुनावी लिहाज से भी संवेदनशील माना जाता है।
सालनाखेड़ी में इससे पहले 20 अगस्त 2019 को बैतूल पुलिस की टीम पर भी हमला हुआ था। उस समय एक आरोपी को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने घेर लिया था और हमला कर दिया था। इस घटना में पुलिस का वाहन क्षतिग्रस्त हो गया था और बैतूल के एसआई समेत कई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए थे।
हालात इतने बिगड़ गए थे कि पुलिस को आरोपी को छोड़कर मौके से निकलना पड़ा था।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.