गोंडा में प्रेम कहानी का खौफनाक अंत, ट्रेन और फांसी से दो जिंदगियां खत्म

गोंडा जनपद में प्रेम संबंध से जुड़ी एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। गोंडा–लखनऊ रेल लाइन पर पिपरी गांव के पास एक युवती का शव ट्रेन से कटे हाल में मिला, जबकि कुछ ही दूरी पर उसके प्रेमी का शव पेड़ से लटका पाया गया।
मृत युवती की पहचान लक्ष्मी मौर्य (20) के रूप में हुई है, जो गुलरिहा, थाना विशेश्वरगंज, जिला बहराइच की रहने वाली थी। वहीं युवक नीरज मौर्य (25) निवासी बखरिया झाला, थाना कौड़िया बताया गया है। पुलिस के अनुसार, 21 दिसंबर को लक्ष्मी के घर से लापता होने पर परिजनों की शिकायत पर विशेश्वरगंज थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था। इसके बाद 24 दिसंबर को लक्ष्मी ने बहराइच में मजिस्ट्रेट के सामने बयान देते हुए खुद को बालिग बताते हुए नीरज के साथ रहने की इच्छा जताई थी।
बृहस्पतिवार शाम रेलवे कर्मियों ने पिपरी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की तो ट्रैक से करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ से युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। युवक के जूतों पर खून के निशान भी पाए गए हैं।
इस मामले में इंस्पेक्टर नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवती द्वारा ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या किए जाने के संकेत मिले हैं। युवती की मौत के बाद युवक द्वारा भी फांसी लगाकर जान देने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.