भाई दूज पर बहन के घर टीका कराने गया युवक, संदिग्ध हालात में मौत; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के कुकड़ा मंडी क्षेत्र के कमल नगर निवासी अंकुश की शामली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत।
- अंकुश गुरुवार को भाई दूज का टीका कराने बहन मनीषा के घर बनत कस्बे के गांधी नगर गया था।
- टीका कराने के बाद वह बहन के देवर के साथ बाइक से कहीं जाने के लिए निकला था।
मुजफ्फरनगर के कुकड़ा मंडी क्षेत्र के कमल नगर निवासी अंकुश की भाई दूज के दिन शामली में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह अपनी बहन के घर टीका कराने गया था। आरोप है कि बहन के घर से निकलने के बाद उसके साथ मारपीट की गई। गंभीर हालत में उसे घर पहुंचाया गया, जहां से परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने आदर्श मंडी थाने में शिकायत देकर उसकी पिटाई कर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
टीका कराने के बाद बहन के देवर के साथ निकला था युवक
जानकारी के अनुसार, मदनपाल का बेटा अंकुश गुरुवार दोपहर बाइक से शामली के बनत कस्बे के गांधी नगर स्थित अपनी बहन मनीषा के घर पहुंचा था। वहां उसने भाई दूज का टीका कराया। इसके बाद वह बहन के देवर के साथ बाइक पर कहीं जाने के लिए घर से निकला।
परिजनों का कहना है कि शाम करीब साढ़े चार बजे बहन का देवर अंकुश को गंभीर हालत में वापस घर लेकर पहुंचा।
निजी अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
अंकुश की हालत बेहद गंभीर थी। परिजन उसे तुरंत निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
इसके बाद अंकुश के पिता मदनपाल अन्य परिजनों और पड़ोसियों के साथ मुजफ्फरनगर से शामली पहुंचे।
थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग
मदनपाल ने आदर्श मंडी थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि अंकुश की पीटकर हत्या की गई है। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, घटना की सच्चाई सामने लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
परिजनों के साथ शामली पहुंचे पड़ोसी प्रवीण ने बताया कि अंकुश स्नातक की पढ़ाई पूरी कर चुका था और कंप्यूटर डिप्लोमा का कोर्स कर रहा था। वह अपनी तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.