दिवाली के बाद ट्रेनों और बसों में भारी भीड़, सीटें फुल; शौचालय के पास बैठकर सफर करने को मजबूर यात्री

HIGHLIGHTS
- दिवाली के बाद लखनऊ के रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ी।
- अतिरिक्त कोच और स्पेशल ट्रेनें भी यात्रियों की भीड़ के आगे कम पड़ गईं।
- कई ट्रेनों में वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को भी सफर करना पड़ा।
लखनऊ। दीपावली और छठ के त्योहार पर हर साल की तरह इस बार भी रेलवे की ओर से किए गए अतिरिक्त इंतजाम यात्रियों की भारी संख्या के सामने नाकाफी साबित हुए। अतिरिक्त कोच लगाने के साथ स्पेशल ट्रेनें और अतिरिक्त बसें चलाने के बावजूद कुछ ही मिनटों में सीटें भर गईं।
दीपावली के बाद घर से लौटने वाले यात्रियों और छठ पर्व के लिए अपने घर जाने वालों की भीड़ के कारण ट्रेनों के आरक्षित और अनारक्षित कोच पूरी तरह भर गए। कई ट्रेनों में ऐसे यात्री भी सफर करते नजर आए, जिनका एक टिकट कंफर्म था, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों के टिकट वेटिंग में थे।
वहीं, कुछ यात्रियों ने मजबूरी में आरक्षित श्रेणी के कोचों में प्रवेश कर लिया। परिवार के साथ सफर कर रहे इन यात्रियों की स्थिति को देखते हुए राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान भी ज्यादा कुछ नहीं कर सके।
लखनऊ से भाई दूज के बाद दिल्ली, मुंबई, जयपुर, चंडीगढ़, मेरठ सहित दूसरे शहरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ रही। वहीं, छठ के लिए मुंबई, पुणे, कोलकाता और दक्षिण भारत के साथ दिल्ली से आने वाली ट्रेनों में भी यात्रियों की संख्या काफी अधिक रही। दूसरी ओर, तत्काल टिकट हासिल करने के लिए गुरुवार को राजधानी के सभी आरक्षण केंद्रों पर लंबी कतारें लगी रहीं। इनमें केवल लाइन में पहले और दूसरे स्थान पर खड़े यात्रियों को ही कंफर्म टिकट मिल पाया।
चारबाग रेलवे स्टेशन, लखनऊ जंक्शन, सिटी स्टेशन, ऐशबाग, बादशाह नगर, मानक नगर और गोमती नगर रेलवे स्टेशन से पूर्वांचल की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को खड़े होने तक की जगह पाने के लिए संघर्ष करना पड़ा। रेलवे प्रशासन के अनुसार, यात्रियों की यह भीड़ शुक्रवार तक जारी रहने की संभावना है। त्योहार समाप्त होने के बाद मंगलवार से वापसी का सिलसिला शुरू होगा।
कुछ ऐसी ही स्थिति लखनऊ से पूर्वांचल जाने वाली बसों में भी देखने को मिली। ट्रेन में टिकट नहीं मिलने पर यात्रियों ने बसों का सहारा लिया और अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
गोरखपुर से पनवेल जाने वाली गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस के लखनऊ स्टेशन पहुंचते ही यात्रियों में कोच के अंदर प्रवेश करने की होड़ मच गई। लोग एक-दूसरे को धक्का देते हुए बोगियों में चढ़ने लगे।
जनरल से एसी कोच तक यात्रियों की भीड़, शौचालय के पास बैठने को मजबूर
ट्रेनों की जनरल, स्लीपर और एसी बोगियों में यात्रियों की भारी भीड़ रही। जहां जिस यात्री को जगह मिली, वहीं बैठकर सफर करने लगा। किसी ने बर्थ पर बैग रखकर जगह घेरने की कोशिश की तो किसी ने बच्चों को बैठा दिया। हालात ऐसे रहे कि कई यात्रियों को शौचालय के आसपास बैठकर यात्रा करनी पड़ी।
भीड़ इतनी अधिक थी कि टीटीई भी इन ट्रेनों के कोचों में जाने से बचते नजर आए। त्रिवेणी एक्सप्रेस, बनारसी इंटरसिटी और गोरखपुर इंटरसिटी में स्थिति और ज्यादा खराब रही। कोच में जगह नहीं मिलने पर कुछ यात्री सीढ़ियों पर बैठ गए। यह देखकर आरपीएफ ने डंडा फटकारते हुए दरवाजे बंद कराने की कोशिश की।
हालांकि, चारबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर पांच, छह और सात से रवाना होने वाली ट्रेनों में आरपीएफ के जवान यात्रियों तक बहुत कम पहुंच पाए। कई लोग दरवाजे के पास लगी रेलिंग पकड़कर सफर करते दिखाई दिए।
लखनऊ से चलने वाली और यहां से होकर गुजरने वाली गोमती एक्सप्रेस, पद्मावत, गोरखधाम, अवध एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, सद्भावना और मरुधर एक्सप्रेस में भी यात्रियों को अपनी निर्धारित बर्थ तक पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा भीड़
लखनऊ होकर पटना जाने वाली इंदौर-पटना, कोटा-पटना, उपासना एक्सप्रेस और इज्जतनगर एक्सप्रेस के अलावा मुंबई से गोरखपुर जाने वाली कुशीनगर एक्सप्रेस और गोरखपुर हमसफर में यात्रियों की सबसे अधिक भीड़ देखने को मिली।
इन ट्रेनों के स्लीपर से लेकर एसी कोच तक पूरी तरह भरे रहे। साथ ही लंबी वेटिंग लिस्ट के कारण कई यात्रियों को जनरल टिकट लेकर सफर करना पड़ा। जनरल बोगियों में हालात ऐसे थे कि यात्री जिस स्थिति में बैठ गया, उसी हालत में अपने गंतव्य तक पहुंचा।
महिला और दिव्यांग कोच में भी सामान्य यात्रियों ने जमाया कब्जा
ट्रेनों में महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग कोच निर्धारित होते हैं, लेकिन भीड़ के चलते इन कोचों में भी सामान्य यात्री प्रवेश कर गए। इन डिब्बों में कुछ ऐसे लोग भी सफर कर रहे थे, जो किसी टीटीई या वर्दीधारी के परिचित थे। इसके अलावा ट्रेन चलने के बाद दूसरे यात्री भी इन कोचों में चढ़ गए।
महिला और दिव्यांग कोचों पर सामान्य यात्रियों के कब्जे के बावजूद आरपीएफ और जीआरपी के जवान मूकदर्शक बने रहे। इतना ही नहीं, ट्रेनों के लगेजयान कोच में भी यात्री बैठकर सफर करते दिखाई दिए।
13 शहरों के लिए चलाई गईं 450 अतिरिक्त बसें
त्योहारी सीजन में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए परिवहन विभाग ने राजधानी के सभी बस अड्डों पर अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की थी। इसके बावजूद यात्रियों की भीड़ के सामने बसों की संख्या कम पड़ गई और अतिरिक्त बसें भी कुछ ही मिनटों में भर गईं। आलमबाग बस अड्डे के पूछताछ काउंटर पर सबसे ज्यादा लोग पूर्वांचल जाने वाली बसों के बारे में जानकारी लेते नजर आए।
लखनऊ से पूर्वांचल के 13 शहरों के लिए बसों की मांग सबसे अधिक रही। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आलमबाग, कैसरबाग और अवध बस स्टेशन से 450 अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया है।
ये बसें तीनों बस अड्डों से यात्रियों के लिए हर मिनट उपलब्ध रहेंगी। इनमें सबसे ज्यादा यात्री बलिया और गोरखपुर जाने वाले हैं। इसके अलावा मऊ, आजमगढ़, गाजीपुर, बनारस, प्रयागराज, बस्ती, खलीलाबाद, जौनपुर, कुशीनगर और देवरिया के लिए भी अतिरिक्त बसें चलाई जा रही हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.




















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.