सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर की गर्मजोशी भरी मुलाकात, बगल में बैठीं रोहिणी आचार्य; तस्वीर हुई वायरल

HIGHLIGHTS
- पटना में सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर की हुई मुलाकात।
- दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए बातचीत की।
- रोहिणी आचार्य भी दोनों नेताओं के बगल में बैठी नजर आईं।
बिहार की सियासत में एक-दूसरे पर लगातार निशाना साधने वाले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और जन सुराज के सूत्रधार एवं विधायक प्रशांत किशोर का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। पटना में भाजपा नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद आरके सिन्हा के आवास पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में दोनों नेताओं का आमना-सामना हुआ। इस दौरान दोनों ने गर्मजोशी के साथ एक-दूसरे से मुलाकात की, हाथ मिलाया और मुस्कुराते हुए बातचीत की। अब दोनों की यह तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
बगल में बैठीं रोहिणी आचार्य, तस्वीर बनी चर्चा का विषय
इस मुलाकात के दौरान एक और बात ने लोगों का ध्यान खींचा। दरअसल, राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य भी सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर के बगल में बैठी नजर आईं। रोहिणी भी लगातार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर पर राजनीतिक हमले करती रही हैं। ऐसे में तीनों नेताओं की एक साथ मौजूदगी वाली तस्वीर ने सोशल मीडिया पर नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। इस कार्यक्रम में भाजपा नेता ऋतुराज सिन्हा और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी शामिल हुए।
जन सुराज को भाजपा की बी टीम बताता रहा है राजद
गौरतलब है कि प्रशांत किशोर कई बार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और बिहार सरकार की नीतियों पर सवाल उठा चुके हैं। वहीं, राजद भी जन सुराज पर भाजपा की बी टीम होने का आरोप लगाता रहा है। ऐसे में सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर की इस गर्मजोशी भरी मुलाकात को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोग प्रशांत किशोर के राजनीतिक रुख में बदलाव की अटकलें लगा रहे हैं।
हालांकि, इस मुलाकात से एक दिन पहले ही शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने प्रशांत किशोर पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि उन्हें लगता है कि प्रशांत किशोर पूरी तरह कांग्रेस की बी टीम बनकर घूम रहे हैं। शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि उन्हें यह फॉर्मूला कांग्रेस के पप्पू ने दिया है।
तस्वीर वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर चुटकी ले रहे लोग
सम्राट चौधरी और प्रशांत किशोर की तस्वीर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इस मुलाकात पर चुटकी लेते हुए लिख रहे हैं कि 'हाथी के दांत खाने के और, दिखाने के और होते हैं।' यूजर्स का कहना है कि सार्वजनिक मंचों पर सम्राट चौधरी पर लगातार हमला करने वाले प्रशांत किशोर मुख्यमंत्री के सामने बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आए। दोनों के बीच मुस्कुराते हुए हुई बातचीत ने बिहार की सियासत में नई चर्चाओं को हवा दे दी है।
आरके सिन्हा को श्रद्धांजलि देने पहुंचे लालू प्रसाद यादव
वहीं, राजद अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव भी पटना में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद दिवंगत आरके सिन्हा की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे। यहां उन्होंने आरके सिन्हा के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इस दौरान उनके साथ बड़ी बेटी और पाटलिपुत्र की सांसद मीसा भारती तथा रोहिणी आचार्य भी मौजूद थीं। तीनों ने पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद आरके सिन्हा के बेटे ऋतुराज सिन्हा और परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। लालू यादव ने परिवार के प्रति संवेदना जताई और इस दुख की घड़ी में उन्हें ढांढस बंधाया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.