बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़, होटल फुल; हाईवे जाम से बिगड़ रहा यात्रियों का शेड्यूल

HIGHLIGHTS
- बदरीनाथ धाम की यात्रा समाप्त होने में अब सिर्फ चार दिन शेष।
- केदारनाथ के कपाट बंद होने के बाद बदरीनाथ पहुंच रहे श्रद्धालु।
- बदरीनाथ के अधिकांश होटल हुए फुल।
बदरीनाथ धाम की तीर्थयात्रा समाप्त होने में अब महज चार दिन बाकी हैं। इससे पहले बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के धाम पहुंचने का सिलसिला जारी है। 11 नवंबर को केदारनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के बाद वहां पहुंचे ज्यादातर तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम पहुंच रहे हैं। इसके चलते यात्रा में अचानक तेजी आई है और बदरीनाथ के अधिकांश होटल पूरी तरह भर गए हैं।
दूसरी ओर, बदरीनाथ हाईवे पर वाहनों की संख्या बढ़ने से कई जगहों पर जाम की स्थिति बन रही है। इसके कारण श्रद्धालुओं को काफी परेशानी हो रही है और उनका यात्रा कार्यक्रम भी प्रभावित हो रहा है।
ज्योतिर्मठ से विष्णुप्रयाग तक लग रहा लंबा जाम
ज्योतिर्मठ से विष्णुप्रयाग के बीच जाम की समस्या ज्यादा देखने को मिल रही है। करीब 10 किलोमीटर के इस हिस्से में सड़क संकरी होने के कारण बार-बार वाहनों की कतारें लग रही हैं। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से वनवे व्यवस्था लागू कर वाहनों का आवागमन कराया जा रहा है। वहीं, भनेरपाणी भूस्खलन क्षेत्र में भी वाहन काफी धीमी गति से आगे बढ़ रहे हैं।
हरियाणा से बदरीनाथ धाम पहुंचे तीर्थयात्री वरुण, अनामिका और कुणाल ने बताया कि वे बृहस्पतिवार को पीपलकोटी से बदरीनाथ के लिए रवाना हुए थे। उनका कार्यक्रम बदरीनाथ मंदिर में दर्शन करने के बाद माणा गांव घूमने का था, लेकिन ज्योतिर्मठ में जाम में फंसने के कारण उनका पूरा शेड्यूल प्रभावित हो गया।
वहीं, उत्तर प्रदेश के रामपुर से आए विनोद प्रकाश, रजनी और रितिक ने बताया कि उन्हें पीपलकोटी और ज्योतिर्मठ में करीब डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
पुलिस करा रही वनवे व्यवस्था से वाहनों की आवाजाही
यात्रियों की बढ़ती संख्या के चलते हाईवे पर लग रहे जाम को लेकर पुलिस प्रशासन भी व्यवस्था संभालने में जुटा है। पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह ने बताया कि यात्रा वाहनों का दबाव बढ़ने के कारण ज्योतिर्मठ में वनवे सिस्टम के तहत वाहनों का संचालन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मार्ग पर ज्यादा देर तक जाम की स्थिति नहीं बनने दी जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.