मुजफ्फरनगर में गंगा स्नान मेले के दौरान हादसा, भैंसे को नहलाते समय डूबकर युवक की मौत

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के शुकतीर्थ में गंगा स्नान मेले के दौरान रविवार दोपहर हादसा हुआ।
- गांव गादला निवासी 30 वर्षीय विकुल नायक गंगा में डूब गए।
- वह 9 नंबर ठोकर के पास अपने भैंसे को नहला रहे थे।
मुजफ्फरनगर। शुकतीर्थ में आयोजित गंगा स्नान मेले के दौरान रविवार दोपहर एक दुखद हादसा हो गया। गंगा किनारे अपने भैंसे को नहला रहे 30 वर्षीय युवक की गहरे पानी में डूबने से जान चली गई। घटना के बाद पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से युवक का शव बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अचानक गहरे पानी में चला गया युवक
भोपा थाना क्षेत्र के गांव गादला निवासी विकुल नायक (30) पुत्र पोमपाल गंगा स्नान मेले में पहुंचे थे। रविवार दोपहर वह गंगा किनारे 9 नंबर ठोकर के पास कुछ अन्य लोगों के साथ अपने भैंसे को नहला रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह गहरे पानी में पहुंच गए। देखते ही देखते वह डूबने लगे।
मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई, लेकिन पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण युवक खुद को संभाल नहीं सके।
गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाला शव
हादसे की सूचना मिलते ही मेला पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय गोताखोर श्रवण कुमार और मोहम्मद खालिद ने पानी में उतरकर काफी प्रयास के बाद विकुल को बाहर निकाला। उन्हें बेसुध अवस्था में तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
अधिकारियों ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
घटना की सूचना मिलने पर एसपी देहात अक्षय संजय महाडिक मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। जिला पंचायत प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल ने भी मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना जताई।
विकुल की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम छा गया है। उनके परिवार में पिता पोमपाल, मां मंजू देवी, पत्नी आरती, सात वर्षीय बेटी वैष्णवी और पांच वर्षीय बेटा एकांत हैं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.