लखनऊ में पीएम मोदी का युवाओं को संदेश, कहा- जिसके पास स्किल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता

HIGHLIGHTS
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह 2026 में हिस्सा लिया।
- पीएम मोदी ने 10 मेधावियों को सम्मानित किया।
- देशभर से पहुंचे 1,200 से अधिक मेधावियों को भारत का भाग्य विधाता बताया।
लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को लखनऊ में युवाओं को कौशल विकास के महत्व के बारे में बताया और उनका उत्साह बढ़ाया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पीएम मोदी ने हुनरमंद लोगों के योगदान की सराहना की। उन्होंने 10 मेधावियों को सम्मानित किया और देशभर से आए 1,200 से अधिक मेधावी युवाओं को भारत का भाग्य विधाता बताया।
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वे लिखकर ले लें, समय बदल रहा है। कागजी सर्टिफिकेट लेकर कोट, पैंट और टाई पहनने वालों की तुलना में हुनरमंद लोगों की मांग ज्यादा बढ़ने वाली है। उन्होंने कई मुस्लिम देशों का जिक्र करते हुए बताया कि वहां के रॉयल परिवार के लोग कहते हैं कि उनके शानदार शहर पैसे से नहीं, बल्कि भारत के कारीगरों के हुनर और मेहनत से चमकते हैं।
पीएम मोदी ने युवाओं से कहा कि उनके सामने पूरा आसमान है। वे बड़े सपने देखें और उन्हें पूरा करने के लिए अपनी पूरी ताकत लगा दें। कभी यह न सोचें कि वे अकेले हैं। जब भी ऐसा लगे, तो समझें कि वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने युवाओं से अपने सपने पूरे करने और समाज की शक्ति बनाने में योगदान देने का आह्वान किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया में विभिन्न सरकारों के बीच हो रहे समझौतों के तहत 90 हजार, एक लाख और डेढ़ लाख हुनरमंद लोगों की मांग की जा रही है। इसी वजह से डिग्रीधारियों के बजाय कौशल रखने वाले लोगों की जरूरत बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि 20 साल बाद विकसित भारत की बात केवल कल्पना नहीं है। 21वीं सदी का भारत कौशल को सम्मान देकर ही आगे बढ़ सकता है। इसी सोच के साथ श्रमेव जयते की भावना से काम किया गया है।
जिसके पास स्किल, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता
पीएम मोदी ने कहा कि पहले दीक्षांत समारोह में विद्यार्थी बड़े-बड़े कोट, टाई और टोपी पहनकर आते थे। हमने कहा कि आईटीआई में हुनर सीखने वाले बच्चों का भी दीक्षांत समारोह होना चाहिए। आधुनिक भारत में एआई को लेकर कई तरह की बातें हो रही हैं, लेकिन यह समझना जरूरी है कि जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता।
उन्होंने कोविड के समय का उदाहरण देते हुए कहा कि उस दौरान देखा गया कि जिनकी सेवाओं से लोगों का जीवन चलता था, वे मौत के डर से अपने गांव लौट गए थे। तब लोगों को समझ आया कि कौशल के बिना काम नहीं चल सकता। जब युवा कोई हुनर सीखते हैं, तो वे दूसरे लोगों का जीवन आसान बनाते हैं।
भारत अब मोबाइल आयात नहीं, निर्यात कर रहा
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले भारत मोबाइल फोन आयात करता था, लेकिन आज देश के बेटे-बेटियां मोबाइल बना रहे हैं। इसी वजह से आईटीआई को महत्व दिया जा रहा है। वर्ष 2014 के बाद सरकार ने पांच हजार नई आईटीआई स्थापित की हैं। इनमें पढ़ने वाले विद्यार्थियों की संख्या पांच लाख बढ़ी है, जबकि छात्राओं की संख्या ढाई गुना से ज्यादा हो गई है।
उन्होंने कहा कि पहले संसाधनों की भी चुनौती थी, लेकिन अब 30 से अधिक नए ट्रेड पढ़ाए जा रहे हैं। साइबर सिक्योरिटी और ग्रीन एनर्जी सहित कई अन्य कार्यक्रम भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। पीएम मोदी ने अस्पताल का उदाहरण देते हुए कहा कि अस्पताल कितना भी बड़ा क्यों न हो, अगर उसे चलाने वाले अच्छे नहीं होंगे तो इलाज संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि आईटीआई देश की गौरवपूर्ण गाथा लिखने वाला है और सरकार युवाओं के सामर्थ्य को सम्मान देने के लिए काम कर रही है।
उपलब्धि हासिल करने से गरीबी से बाहर निकलने का रास्ता
पीएम मोदी ने कहा कि दुनिया की जरूरतों को ध्यान में रखकर नए ट्रेड तैयार किए जा रहे हैं। पाठ्यक्रमों के साथ मशीनों में भी बदलाव किया गया है। पीएम सेतु के तहत 60 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आपने सुना होगा कि पिछले 12-13 वर्षों में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। अगर कोई बड़ी उपलब्धि है, तो वह गरीबी से बाहर निकलना है। विकसित भारत का रास्ता भी इसी से होकर गुजरने वाला है। सरकार ने लोगों को सशक्त बनाया है। स्टील वर्करों को मौके मिले, चार लाख लोगों को घर मिले और बिजली तथा पानी की लाइनें पहुंचाई गईं।
भारत बनेगा दुनिया की स्किल कैपिटल
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ महीने पहले पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू हुआ था। उस समय एलपीजी की उपलब्धता को लेकर सवाल उठने लगे और कई तरह की बातें कही गईं। होर्मुज संकट के दौरान सरकार ने तय किया कि शहरों में रहने वाले कम से कम एक लाख लोगों को एक दिन में पीएनजी गैस उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने बताया कि वह लगातार समीक्षा बैठक करते थे। शुरुआत में एक दिन में एक लाख लोगों तक सुविधा नहीं पहुंच पा रही थी और यह संख्या 20 से 25 हजार तक ही थी। अधिकारियों से योजना की रफ्तार कम होने का कारण पूछा गया तो पता चला कि प्लंबर उपलब्ध नहीं थे।
पीएम मोदी ने कहा कि स्पोर्ट्स के इकोसिस्टम में भी नए अवसर खुल रहे हैं। भारत विश्व की स्किल कैपिटल बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसके केंद्र में युवा हैं। उन्होंने कहा कि यह कौशल केवल भारत के लिए नहीं, बल्कि दुनिया के लिए भी है। दुनिया के लोग भी युवाओं के हुनर पर भरोसा कर रहे हैं।
2027 में भारत करेगा कौशल विकास की विश्व प्रतियोगिता की मेजबानी
पीएम मोदी ने बताया कि वर्ष 2027 में भारत कौशल विकास की विश्व प्रतियोगिता की मेजबानी करने जा रहा है। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इस आयोजन की मेजबानी करेगा।
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक और पंकज चौधरी का जिक्र करते हुए कहा कि इन लोगों ने उत्तर प्रदेश को बदल दिया है। प्रदेश में विश्वविद्यालय बन रहे हैं और पर्यटन का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में दुश्मनों की नींद उड़ाने वाली ब्रह्मोस मिसाइल भी उत्तर प्रदेश में बनाई जा रही है। इससे युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
आईटीआई के विद्यार्थियों के कपड़ों की भी की सराहना
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के कपड़े भी वैसे नहीं होते, जैसे आईटीआई के बच्चों ने पहने हैं। उन्होंने कहा कि इन विद्यार्थियों को रुआब देने के लिए देश का प्रधानमंत्री बंगाल से सीधे यहां आकर खड़ा है।
उन्होंने कहा कि आजादी के बाद देश में क्लर्क की नौकरी पर ज्यादा जोर दिया गया और कौशल पीछे छूट गया। पीएम मोदी ने अपने अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि उन्होंने धर्मा जी की किताब पढ़ी है। वह पोस्ट ग्रेजुएट हैं और उनके पास डिग्री भी है, लेकिन दादा धर्मा ने उनसे पूछा था कि क्या उन्हें गाड़ी चलानी आती है और खाना पकाना आता है। जब जवाब नहीं था, तो उन्होंने पूछा कि फिर उन्हें आता ही क्या है।
पीएम मोदी बोले- एक साल सोना नहीं खरीदने की अपील की थी
प्रधानमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर इन दिनों चर्चा चल रही है। उन्होंने वर्ष 2023 में कहा था कि भारत के पीएसयू में पैसे लगाइए, आप मालामाल हो जाएंगे। आज इतिहास गवाह है कि जिन्होंने निवेश किया, वे मालामाल हो गए।
पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने देशवासियों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील भी की थी। उन्होंने कहा कि उन्हें खुशी है कि लोगों ने उनकी बात मानी और सोने के दाम कम हो गए। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने एक समय खाना छोड़ने की अपील की थी। यही देश का चरित्र है।
पहले उत्तर प्रदेश में क्या होता था, इसे नहीं भूलना चाहिए
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोगों को यह नहीं भूलना चाहिए कि पहले उत्तर प्रदेश में क्या स्थिति थी। उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी का अनुभव साझा करते हुए बताया कि वहां एक युवती ने उन्हें बताया था कि वह रात 11 बजे काम खत्म करके घर लौटती है।
पीएम मोदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने ऐसा माहौल तैयार किया है। अंत में उन्होंने सभी को बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा भारत माता की जय और बहुत-बहुत धन्यवाद कहकर अपना संबोधन समाप्त किया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.