नीतीश सेतु पर राजद समर्थकों का हंगामा, पीएम मोदी और सीएम के पोस्टर फाड़ने पर 3 गिरफ्तार

HIGHLIGHTS
- नीतीश सेतु के लोकार्पण के बाद पोस्टर फाड़ने की घटना सामने आई।
- राघोपुर बीडीओ की ओर से 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
- पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
राघोपुर। नीतीश सेतु के उद्घाटन कार्यक्रम के बाद पोस्टर फाड़ने और अपशब्दों का इस्तेमाल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में प्रखंड विकास पदाधिकारी राघोपुर की ओर से 11 नामजद और 100 से 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
रुस्तमपुर थानाध्यक्ष कुमार अभिषेक ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पोस्टर फाड़े जाने की घटना को लेकर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में तीन लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। वहीं, इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान की जा रही है।
पीएम मोदी ने किया था नए पुल का उद्घाटन
गौरतलब है कि पिछले शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नीतीश सेतु का लोकार्पण किया था।
कार्यक्रम खत्म होने के बाद दर्जनों की संख्या में युवा और बच्चे हाथों में राजद का झंडा लेकर पुल पर पहुंच गए। वहां उन्होंने लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव के समर्थन में नारेबाजी की। इसी दौरान कुछ युवाओं ने पुल पर लगाए गए प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और एनडीए के अन्य नेताओं के पोस्टर फाड़ दिए। इस दौरान कुछ बच्चों के अपशब्द बोलने की बात भी सामने आई।
मौके पर मौजूद युवाओं ने इस पूरी घटना को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। बाद में यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से फैल गया। वीडियो सामने आने के बाद कुछ युवा उस पर रंगदारी वाला गाना लगाकर रील भी बना रहे हैं। इस वीडियो और रील को लेकर इंटरनेट मीडिया पर अलग-अलग तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
थानाध्यक्ष ने कहा कि प्रसारित वीडियो के आधार पर सभी आरोपितों की पहचान कर उनके खिलाफ जरूरी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टर फाड़ने की घटना में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होगी।
पुलिस की मौजूदगी में कैसे हुई घटना, उठे सवाल
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए आयोजन स्थल से नीतीश सेतु तक पहुंचने वाले रास्ते पर सैकड़ों पुलिस अधिकारियों, जवानों और मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई थी। इसके बावजूद प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल से रवाना होते ही असामाजिक तत्वों की ओर से पोस्टर फाड़े जाने की घटना सामने आई।
बताया गया कि दर्जनों युवा और बच्चे अचानक पुल पर पहुंचे और लालू प्रसाद यादव तथा तेजस्वी यादव के समर्थन में नारे लगाने लगे। इसी बीच कुछ युवाओं ने वहां लगाए गए पोस्टर फाड़ने शुरू कर दिए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और एनडीए के अन्य नेताओं के पोस्टर फाड़े जा रहे थे, उस समय पुलिसकर्मी भी मौके पर मौजूद थे। इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में भी पुलिसकर्मी दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पूरे मामले की जांच कराने के साथ ही ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस वीडियो के आधार पर घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.