कोरबा में ऑनलाइन लूडो खेलते हुए युवक के संपर्क में आई युवती, चार दिन बाद जयपुर से बरामद

HIGHLIGHTS
- कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र से 24 वर्षीय युवती हुई थी लापता।
- परिजनों ने चार दिनों तक तलाश करने के बाद पुलिस में दर्ज कराई शिकायत।
- युवती की ऑनलाइन लूडो गेम के जरिए अहमदाबाद निवासी युवक से हुई थी पहचान।
कोरबा जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाली 24 वर्षीय युवती अचानक लापता हो गई। परिजनों ने चार दिनों तक उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल की मदद से युवती को जयपुर से सकुशल बरामद कर लिया।
जानकारी के मुताबिक, युवती मोबाइल पर ऑनलाइन लूडो खेला करती थी। इसी दौरान उसकी पहचान अहमदाबाद के रहने वाले एक युवक से हुई और दोनों के बीच बातचीत शुरू हो गई। आरोप है कि युवक ने युवती को बहला-फुसलाकर अपने प्रभाव में ले लिया। इसके बाद वह अहमदाबाद से कोरबा पहुंचा और युवती को अपने साथ लेकर चला गया।
परिजनों के अनुसार, युवती की मानसिक स्थिति थोड़ी ठीक नहीं है। युवक ने इसी बात का फायदा उठाकर उसे अपने झांसे में ले लिया। युवती अपने पास मोबाइल फोन भी नहीं रखती थी। काफी देर तक घर में दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस की जांच में पता चला कि युवती ऑनलाइन लूडो गेम के जरिए अहमदाबाद निवासी युवक के संपर्क में आई थी।
पुलिस की कार्रवाई, साइबर सेल की मदद से जयपुर में मिली युवती
मामले की जांच के दौरान कोतवाली पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से युवती की लोकेशन ट्रेस की। लगातार पतासाजी के बाद गुमशुदगी के चार दिन बाद उसे जयपुर से सकुशल बरामद कर लिया गया। बताया गया कि युवती को अपने साथ ले जाने वाले युवक ने उसके साथ ठीक व्यवहार नहीं किया और उसे पर्याप्त खाना-पीना भी नहीं दिया। इतना ही नहीं, युवक ने युवती के पैर में पहनी चांदी की पायल भी बेच दी थी।
थाना प्रभारी ने दी जानकारी, ऑनलाइन गेमिंग को लेकर सतर्क रहने की जरूरत
कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू ने बताया कि युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से ही उसकी तलाश की जा रही थी। साइबर सेल की मदद से युवती को जयपुर से बरामद कर कोरबा लाया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
इस घटना ने एक बार फिर ऑनलाइन गेमिंग के दौरान अनजान लोगों से संपर्क और दोस्ती के खतरों को सामने ला दिया है। ऑनलाइन गेम के जरिए अनजान लोगों के संपर्क में आना युवतियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.