अखिलेश यादव के रोड शो में हादसा, भाजपा नेता के 14 वर्षीय बेटे की मौत; कार्यकर्ताओं ने लगाया जाम

HIGHLIGHTS
- गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान दर्दनाक हादसा हुआ।
- रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की टक्कर से 14 वर्षीय आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई।
- मृतक आर्यवर्धन भाजपा नेता ओंकार सिंह का बेटा था।
गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल बैकहो लोडर की चपेट में आने से बुधवार दोपहर भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह की जान चली गई।
घटना के बाद पुलिस कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने शाम करीब छह बजे झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर जाम लगा दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर करीब तीन किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर जिलाधिकारी और एसएसपी मौके पर पहुंचे। उनके आश्वासन के बाद रात आठ बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात फिर से शुरू हो सका।
क्या है पूरा मामला?
झारखंडी स्थित आवास विकास कॉलोनी के निवासी ओंकार सिंह भाजपा के चुनाव आयोग संपर्क विभाग में जिला सह संयोजक हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार दोपहर करीब दो बजे उनका बड़ा बेटा आर्यवर्धन अपनी बहन समृद्धि को लेने के लिए पैदल चौराहे की ओर जा रहा था।
वहीं, पुलिस का कहना है कि आर्यवर्धन स्कूटी से जा रहा था। इसी दौरान अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल एक बैकहो लोडर ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग उसे तुरंत एम्स लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आर्यवर्धन केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10वीं का छात्र था।
मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी और एसएसपी
हादसे के बाद परिजनों ने पुलिस पर कार्रवाई में देरी करने का आरोप लगाते हुए झारखंडी मोड़ पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क जाम होने की सूचना पर जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ और एसपी सिटी निमिष पाटील सहित कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के लिए कई थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात की गई।
इस दौरान ओंकार सिंह ने रोड शो में बैकहो लोडर शामिल कराने वाले आयोजक और उसके चालक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने झारखंडी गेट के पास ब्रेकर बनवाने की भी मांग रखी। जिलाधिकारी की ओर से मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद परिजनों और कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया।
मेयर और विधायक ने परिवार से की मुलाकात
हादसे की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर सरवन निषाद पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। दोनों ने परिजनों के प्रति संवेदना जताई और उन्हें इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.