अयोध्या पहुंचे अखिलेश यादव, CM योगी को दी चुनाव लड़ने की चुनौती; BJP नेताओं ने किया पलटवार

HIGHLIGHTS
- उन्होंने तेजनारायण पांडेय के कृष्णापुर स्थित आवास पर भागवत कथा में हिस्सा लिया।
- अखिलेश ने अयोध्या में भाजपा के सर्वे को लेकर दावा किया।
- उन्होंने कहा कि भाजपा को अयोध्या में नया प्रत्याशी नहीं मिल रहा है।
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे के बाद उत्तर प्रदेश में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। अयोध्या दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने सत्ताधारी दल पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।
अखिलेश यादव के बयान पर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया देते हुए उनकी राम भक्ति पर सवाल उठाए। वहीं, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी अखिलेश यादव पर निशाना साधा और कहा कि वोट बैंक के समीकरणों के चलते उन्होंने मंदिर का रुख नहीं किया।
भागवत कथा में शामिल हुए अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बृहस्पतिवार को अयोध्या पहुंचे। यहां पूर्व मंत्री तेजनारायण पांडेय के कृष्णापुर स्थित आवास पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा में वह शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने भाजपा पर हमला बोला।
अखिलेश यादव ने कहा कि अयोध्या में सपा प्रत्याशी की घोषणा के बाद भाजपा लगातार सर्वे करा रही है, लेकिन हर सर्वे में पार्टी पिछड़ती दिखाई दे रही है। उन्होंने यह भी कहा कि चर्चा है कि भाजपा को अयोध्या में नया प्रत्याशी तक नहीं मिल पा रहा है।
मुख्यमंत्री को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री अयोध्या के विकास को लेकर इतने आश्वस्त हैं तो उन्हें खुद अयोध्या से चुनाव लड़कर अपनी लोकप्रियता साबित करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता सबका हिसाब करेगी और दावों तथा हकीकत के बीच का अंतर भी सामने आ जाएगा।
अयोध्या के विकास का लाभ स्थानीय लोगों को मिले
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार अयोध्या के विकास को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन विकास का वास्तविक लाभ स्थानीय लोगों को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर अयोध्या के विकास को नई गति दी जाएगी और विकास परियोजनाओं का अधिकतम लाभ स्थानीय निवासियों को मिले, यह सुनिश्चित किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर अयोध्या को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप देने और विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। उनके मुताबिक, अयोध्या को सिर्फ पर्यटन केंद्र नहीं बल्कि दुनिया की प्रमुख तीर्थनगरी के रूप में विकसित करना प्राथमिकता होगी।
महिलाओं और युवाओं को लेकर भी किया ऐलान
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अयोध्या में किसी गरीब का घर या दुकान उजाड़ने की कार्रवाई नहीं होगी।
उन्होंने युवाओं के लिए रोजगार और नौकरी के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम करने की बात कही।
ब्रजेश पाठक ने मंदिर नहीं जाने को लेकर साधा निशाना
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे के दौरान राम मंदिर नहीं जाने को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का सनातन संस्कृति से कोई लेना-देना नहीं है और सपा केवल तुष्टीकरण तथा वोट की राजनीति करती है। पाठक ने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों के नाराज होने के डर से अखिलेश यादव राम मंदिर नहीं गए।
ब्रजेश पाठक ने यह भी कहा कि सपा नेताओं के हाथ कारसेवकों के खून से रंगे हैं। ऐसे में उनके मुताबिक वे राम मंदिर कैसे जा सकते हैं।
चुनाव आयोग को लेकर भी विपक्ष पर हमला
एसआईटी को लेकर विपक्ष के हंगामे पर भी ब्रजेश पाठक ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष जब चुनाव जीतता है तो निर्वाचन आयोग अच्छा होता है, लेकिन हारने के बाद अपनी नाराजगी आयोग पर निकालता है।
उन्होंने कहा कि केरल, तमिलनाडु और हिमाचल में विपक्ष चुनाव जीता, लेकिन जीत के बाद उसने आयोग पर कोई सवाल नहीं उठाया। ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में विपक्ष की स्थिति खराब होने वाली है और इसी वजह से चुनावी प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
केशव मौर्य ने अखिलेश की राम भक्ति पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव अयोध्या पहुंचे, लेकिन रामलला के दर्शन नहीं किए। इसको लेकर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अयोध्या पहुंचने के बाद भी रामलला के दर्शन नहीं करना उनकी राम भक्ति पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता और राम भक्त यह सब देख रहे हैं।
अखिलेश यादव के ‘राम और कृष्ण एक ही हैं’ वाले बयान पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अगर ऐसा है तो अखिलेश यादव कृष्ण जन्मभूमि, श्री राम जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ जा सकते हैं, लेकिन उन्हें वोट बैंक खिसकने का डर लगेगा।
धनराज नथवानी के बयान पर भी मौर्य का तंज
सपा कोटे से राज्यसभा प्रत्याशी बने धनराज नथवानी की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर की गई तारीफ को लेकर भी केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसा।
उन्होंने कहा कि सपा के कैंडिडेट भाजपा की तरफ हैं। उनके द्वारा प्रधानमंत्री की तारीफ किए जाने से साफ है कि सपा के जीतने वाले कैंडिडेट्स में भी फूट है। उन्होंने कहा, “100 में 80 पहले से हमारा है, लगता है 20 में भी बंटवारा है।”
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.



















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.