कन्नौज: मेडिकल कॉलेज में नहीं मिला स्ट्रेचर, घायल बेटे को पीठ पर लादकर भटका पिता

HIGHLIGHTS
- मारपीट में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया था।
- पिता जगदीश उसे लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे थे।
- स्ट्रेचर और व्हीलचेयर नहीं मिलने पर पिता को खुद बेटे को उठाना पड़ा।
कन्नौज: मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में घायल बेटे को स्ट्रेचर नहीं मिला तो पिता ने उसे अपनी पीठ पर लादकर इलाज के लिए ले जाने की कोशिश की। बेटे को पीठ पर लेकर भटकते पिता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन हरकत में आया। आनन-फानन में घायल को भर्ती कर उसका इलाज शुरू किया गया। हालांकि, अगले दिन रेफर कराने के लिए भी पिता को बेटे को पीठ पर लादकर ईएमओ कार्यालय तक जाना पड़ा। इस घटना ने मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ठठिया क्षेत्र के ग्राम हाजियापुर निवासी जगदीश के बेटे संजय का रविवार शाम गांव के कुछ लोगों से विवाद हो गया था। इस दौरान हुई मारपीट में संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। पिता उसे लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी पहुंचे। आरोप है कि वहां डॉक्टरों ने इलाज करने से मना कर दिया। स्ट्रेचर और व्हीलचेयर नहीं मिलने पर पिता घायल बेटे को पीठ पर लादकर बाहर आ गया।
इसी दौरान किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वायरल वीडियो का अमर उजाला की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती।
वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया प्रशासन
वीडियो सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और घायल को भर्ती कर उसका उपचार शुरू कराया। लेकिन सोमवार को रेफर कराने की प्रक्रिया के दौरान भी पिता को बेटे को पीठ पर लादकर ईएमओ कार्यालय तक ले जाना पड़ा।
इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज की स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल उठ रहे हैं। करोड़ों रुपये की स्वास्थ्य व्यवस्था के बावजूद एक घायल मरीज को स्ट्रेचर तक उपलब्ध नहीं हो सका। इमरजेंसी में तैनात कर्मचारियों की जिम्मेदारी और मरीजों को समय पर सहायता मिलने की व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हुए हैं।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इसके अलावा मरीज को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं कराने के मामले की भी जांच कराई जाएगी। जांच के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.