पटेलनगर में बैंककर्मी को बाइक सवार युवकों ने मारी गोली, पुलिस ने शुरू की तलाश

HIGHLIGHTS
- सत्यम पटेलनगर स्थित उज्जीवन बैंक में काम करते हैं
- बड़ोवाला में बाइक सवारों ने स्कूटर के सामने बाइक रोक दी थी
- गोली पेट को छूकर निकलने से सत्यम की हालत खतरे से बाहर है
देहरादून: मंगलवार रात चचेरी बहन के साथ पटेलनगर से बड़ोवाला स्थित घर जा रहे निजी बैंक कर्मचारी को बाइक सवार युवकों ने गोली मार दी। डीएसपी चौक निवासी घायल युवक सत्यम को उपचार के लिए श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली उनके पेट को छूकर निकल गई। चिकित्सकों के मुताबिक सत्यम की हालत खतरे से बाहर है। देर रात तक पुलिस को गोली चलाने की वजह का पता नहीं चल सका था। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी है।
घटना रात करीब आठ बजे की बताई गई है। सीओ सदर अंकित कंडारी के अनुसार, सत्यम पटेलनगर क्षेत्र स्थित उज्जीवन बैंक में कार्यरत हैं। मंगलवार रात वह अपनी चचेरी बहन के साथ स्कूटर से डीएसपी चौक स्थित अपने घर जा रहे थे।
बड़ोवाला में रास्ते के दौरान उनके स्कूटर के सामने एक बाइक आकर रुक गई। सत्यम ने स्कूटर रोक दिया। इससे पहले कि वह और उनकी बहन कुछ समझ पाते, बाइक सवारों में से एक युवक ने गोली चला दी। गोली सत्यम के पेट को छूकर निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सत्यम को श्रीमहंत इंदिरेश अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आसपास के इलाके में चेकिंग शुरू कर दी। देर रात तक आरोपियों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी थी।
सीओ सदर ने बताया कि घटना को लेकर सत्यम की बहन से भी जानकारी ली जा रही है। उसने अभी तक किसी तरह के विवाद की जानकारी नहीं दी है। पुलिस को आशंका है कि मामला किसी पुरानी रंजिश से जुड़ा हो सकता है। इसके अलावा अन्य पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। फिलहाल चिकित्सकों ने सत्यम की हालत खतरे से बाहर बताई है।
20 अगस्त को भी युवक को लगी थी गोली
पटेलनगर क्षेत्र में पिछले 17 दिनों के भीतर गोली चलने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले 20 अगस्त को पटेलनगर क्षेत्र में ही कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी।
एक पक्ष के युवकों ने दूसरे पक्ष के युवकों का पीछा किया था। इसी दौरान शिमला बाईपास तिराहे पर दूसरे युवकों ने उन पर गोली चला दी थी। फायरिंग में एक युवक को गोली लगी थी। पुलिस ने बाद में आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया था कि दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.