दिल्ली की आजादपुर मंडी में सनसनीखेज वारदात, 28 वर्षीय कारोबारी को गोलियों से भूना

HIGHLIGHTS
- मृतक की पहचान 28 वर्षीय मोहम्मद आलम के रूप में हुई
- घटना सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे की बताई गई
- हमलावर हेलमेट पहनकर दुकान पर पहुंचे थे
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली की व्यस्त आजादपुर मंडी में सोमवार देर रात हुई सनसनीखेज वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। यहां 28 वर्षीय धनिया कारोबारी मोहम्मद आलम की तीन अज्ञात हमलावरों ने गोलियां बरसाकर हत्या कर दी। पुलिस की शुरुआती जांच में उसके शरीर पर गोलियों के सात घाव मिले हैं।
वारदात का खौफनाक मंजर
मृतक के भाई अब्दुल सत्तार ने पुलिस को बताया कि मोहम्मद आलम चार महीने बाद बिहार के सहरसा स्थित अपने गांव से दिल्ली लौटे थे। वह जहांगीरपुरी के एच-4 ब्लॉक में परिवार के साथ रह रहे थे। रात करीब डेढ़ बजे आलम अपनी दुकान पर काम कर रहे थे, तभी हेलमेट पहने तीन बदमाश वहां पहुंचे।
तीनों ने बिना कुछ कहे आलम पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों हमलावर पैदल ही मौके से फरार हो गए।
कारोबारी रंजिश का शक
उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आकांक्षा यादव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि परिवार से पूछताछ के दौरान कारोबारी रंजिश की बात सामने आई है। मोहम्मद आलम का कारोबार को लेकर कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। उसने इस बारे में अपने भाई को भी बताया था।
पुलिस की कार्रवाई
आदर्श नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, जांच केवल आपसी विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य सभी संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखा जा रहा है।
हमलावरों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और मंडी के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर उनकी जांच शुरू कर दी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.