बिहार में खुलेगा NSD का नया कैंपस, केंद्र ने दी मंजूरी; भवन निर्माण का 50% खर्च उठाएगी राज्य सरकार

HIGHLIGHTS
- केंद्र सरकार ने मुख्यमंत्री के आग्रह पर दी सहमति
- कैंपस के लिए अभी स्थान तय किया जाना बाकी
- भूमि का चयन बिहार सरकार करेगी
पटना। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) का एक कैंपस अब बिहार में भी स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आग्रह पर केंद्र सरकार ने इसके लिए सहमति दे दी है। मंगलवार को इसकी जानकारी सामने आई। हालांकि, कैंपस के लिए अभी स्थान तय नहीं किया गया है।
बिहार सरकार जल्द ही इसके लिए उपयुक्त भूमि का चयन करेगी। भवन निर्माण पर होने वाले खर्च में 50 प्रतिशत राशि राज्य सरकार देगी, जबकि बाकी 50 प्रतिशत खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी।
मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि इससे बिहार की समृद्ध नाट्य और प्रदर्शन कला परंपरा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ नई संभावनाएं भी पैदा होंगी।
सीएम ने कहा कि बिहार की सांस्कृतिक विरासत काफी समृद्ध रही है। यह कालिदास, रामवृक्ष बेनीपुरी और भिखारी ठाकुर जैसी महान विभूतियों की धरती है। राज्य की लोक नाट्य और प्रदर्शन कलाओं की अपनी अलग और गौरवशाली परंपरा रही है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, बिहार में एनएसडी कैंपस की स्थापना महज एक संस्थान खोलने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राज्य की सांस्कृतिक विरासत, युवा प्रतिभाओं और आधुनिक रंगमंच के भविष्य में निवेश है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से यह संस्थान बिहार को राष्ट्रीय रंगमंच के मानचित्र पर और मजबूत स्थान दिलाएगा।
सांस्कृतिक क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने बताया कि बिहार सरकार ने नाट्य कलाओं के संरक्षण, संवर्द्धन और समन्वय के लिए बिहार संगीत नाट्य अकादमी की स्थापना की है। एनएसडी कैंपस की स्थापना से इस दिशा में राज्य के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार कैंपस के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने के साथ भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्यांश वहन करने की दिशा में पहल कर रही है। संस्थान को जल्द स्थापित करने के लिए हरसंभव प्रशासनिक सहयोग दिया जाएगा।
कला और कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच
बिहार में एनएसडी कैंपस बनने से राज्य के युवा कलाकारों को पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण, स्टेज-क्राफ्ट, प्रदर्शन कला और उन्नत शोध के लिए बेहतर संस्थागत अवसर मिलेंगे।
इससे प्रतिभाशाली कलाकारों को प्रशिक्षण के लिए राज्य से बाहर जाने की जरूरत कम होगी। साथ ही बिहार की लोक नाट्य परंपराओं और आधुनिक रंगमंच के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने में मदद मिलेगी।
सरकार का योगदान
- एनएसडी कैंपस के लिए बिहार सरकार उपलब्ध कराएगी उपयुक्त भूमि
- भवन निर्माण की स्वीकृत लागत का 50 प्रतिशत राज्य सरकार वहन करेगी
कला के क्षेत्र में लाभ
- युवा कलाकारों को बिहार में ही पेशेवर नाट्य प्रशिक्षण मिलेगा
- राज्य में स्टेज-क्राफ्ट और उन्नत शोध के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.































Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.