बिजनौर: गुलदार के हमले में छह साल के बच्चे की मौत, गन्ने के खेत में मिले शरीर के अवशेष; ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

HIGHLIGHTS
- नक्श अपने भाई के साथ फूफा के घर जा रहा था।
- अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने रातभर उसकी तलाश की।
- सुबह गन्ने के खेत में बालक के शरीर के अवशेष मिले।
बिजनौर: गांव खुशहालपुर मड़का उर्फ आरफपुर खजूरी में गुलदार (तेंदुए) ने छह वर्षीय नक्श उर्फ लालू पुत्र भूदेव कश्यप को मार डाला। बालक अपने भाई के साथ गांव में ही रहने वाले फूफा के घर जा रहा था। अचानक उसके लापता होने के बाद परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे। बृहस्पतिवार सुबह गांव से करीब 300 मीटर दूर खेत में बालक के शरीर के अवशेष मिले। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया।
नक्श के अचानक लापता होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और रातभर उसकी तलाश जारी रखी। किसी को अंदेशा नहीं था कि बालक को गुलदार उठा ले गया है। सुबह तलाश के दौरान गांव से करीब 300 मीटर दूर गन्ने के खेत में बालक के शरीर के अवशेष मिले। गुलदार ने बालक के सिर और पेट से नीचे का हिस्सा पूरी तरह खा लिया था। उसके पैर का निचला हिस्सा पास ही पड़ा मिला। यह देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
सूचना मिलने पर सामाजिक वानिकी के रेंजर रामकुमार और डिप्टी रेंजर हरगोविंद सिंह टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। एसडीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, सीओ आकांक्षा गौतम और प्रभारी अमित कुमार ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
परिजनों ने वन विभाग पर उदासीनता बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। एसडीएम और अन्य अधिकारियों ने भाजपा नेता तरुण राजपूत एवं ग्रामीणों की मौजूदगी में मृतक के परिजनों को सरकार की ओर से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया गया।
ड्रोन उड़ाकर तलाश की, पिंजरे लगाए
वन विभाग के अधिकारियों ने गुलदार की लोकेशन तलाशने के लिए ड्रोन उड़ाए, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। ग्रामीणों के अनुसार, इससे पहले भी क्षेत्र में गुलदार देखा जा चुका है। भाजपा नेता तरुण राजपूत, भूदेव और अशोक कुमार की मांग पर क्षेत्र में दो पिंजरे लगाए गए।
सामाजिक वानिकी के डिप्टी रेंजर राम कुमार ने बताया कि पिंजरे लगाने के बाद क्षेत्र में गश्त भी बढ़ाई जा रही है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.