‘ठगों का मेला’ बताकर BJP ने विपक्ष पर साधा निशाना, महारैली से पहले जारी किया पोस्टर

HIGHLIGHTS
- रैली को लेकर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की।
- आयोजन स्थल पर दो मंच और विशाल पंडाल बनाए गए।
- बैठने के लिए 40 से 45 हजार कुर्सियां लगाई गईं।
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के रामलीला मैदान में आज रविवार, 1 नवंबर को विपक्ष की महारैली आयोजित होने जा रही है। इस आयोजन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
विपक्ष की रैली को लेकर बीजेपी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के जरिए निशाना साधा है। बीजेपी दिल्ली के आधिकारिक X अकाउंट से किए गए पोस्ट में कहा गया कि आज रामलीला मैदान में एक बार फिर ‘ठगों का मेला’ लगने वाला है। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि इसका मकसद अपनी राजनीतिक जमीन बचाने के लिए देश-विरोधी ताकतों के इशारे पर देश में अफवाह और अराजकता फैलाना है।
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली की तैयारियां पूरी
आईएनडीआईए गठबंधन की ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली के लिए शनिवार देर रात तक तैयारियां जारी रहीं। रामलीला मैदान में विशाल तिरंगे वाले दो मंच और पंडाल बनाए गए हैं। लोगों के बैठने के लिए यहां 40 से 45 हजार कुर्सियों की व्यवस्था की गई है।
भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए बैरिकेडिंग भी की गई है। रैली का निर्धारित समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक है, जबकि इसका मुख्य कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से अपराह्न 4 बजे के बीच आयोजित होगा।
एक साथ नजर आएंगे विपक्ष के बड़े नेता
दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के मुताबिक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, प्रियंका वाड्रा और आईएनडीआईए के सभी घटक दलों के शीर्ष नेता दोपहर 12:30 से 1 बजे के बीच एक साथ पहुंचेंगे। इस दौरान सभी नेता रैली को संबोधित करेंगे।
रामलीला मैदान में मुख्य मंच पर विपक्षी नेताओं के लिए बड़ा पंडाल तैयार किया गया है। वहीं, गठबंधन के अलग-अलग घटक दलों की प्रदेश इकाइयों के लिए एक अन्य मंच बनाया गया है। मैदान के आसपास सफेद छतरियों वाले टेंट भी लगाए गए हैं।
शनिवार देर रात तक मिनी ट्रकों के जरिए कुर्सियां और अन्य जरूरी सामान मैदान में पहुंचाया जा रहा था। इसके साथ ही बारिश का पानी निकालने का काम भी रात तक जारी रहा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.


























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.