मुजफ्फरनगर में पड़ोसियों के बीच खूनी संघर्ष, मारपीट में घायल 55 वर्षीय बुजुर्ग की मौत

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के छपार कस्बे में दो पड़ोसी पक्षों के बीच विवाद हुआ।
- गुरुवार देर रात करीब 11 बजे दोनों पक्षों में मारपीट हुई।
- विवाद की शुरुआत दो दिन पहले हुई कहासुनी से जुड़ी बताई गई है।
मुजफ्फरनगर। छपार कस्बे में पड़ोसियों के बीच हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। गुरुवार देर रात करीब 11 बजे दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। वहीं, 55 वर्षीय हारुन ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद कस्बे में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसपी सिटी अमृत जैन के अनुसार, घटना 19 नवंबर की देर रात की है। छपार कस्बे में दो पड़ोसी पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट होने की सूचना मिली थी। बताया गया कि दो दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी।
इसी विवाद को लेकर गुरुवार देर रात दोनों पक्ष एक बार फिर आमने-सामने आ गए। शुरुआत में हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा
घटना की सूचना मिलते ही पीआरवी और छपार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। यहां 55 वर्षीय हारुन पुत्र महमूद, निवासी जहानखा की उपचार के दौरान मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी अमृत जैन भी पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
छह आरोपी गिरफ्तार, आगे की कार्रवाई जारी
पुलिस के मुताबिक, मामले में मिली तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। कार्रवाई करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर घटनास्थल सहित पूरे कस्बे में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस घायलों और संबंधित पक्षों से पूछताछ कर विवाद की वजह जानने में जुटी है। एसपी सिटी अमृत जैन के अनुसार, फिलहाल मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.





















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.