मुजफ्फरनगर में सवा साल बाद खुला बायोमेडिकल वेस्ट प्लांट का रास्ता, शुक्रवार से शुरू होगा संचालन

HIGHLIGHTS
- मुजफ्फरनगर के भोपा रोड स्थित बायोमेडिकल वेस्ट प्लांट का गेट खुल गया।
- गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे प्रशासन और पुलिस ने कार्रवाई की।
- फैक्ट्री के रास्ते पर करीब सवा साल से खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली हटवाई गई।
मुजफ्फरनगर। भोपा रोड पर चांदपुर गांव के पास स्थित बायोमेडिकल वेस्ट प्लांट का गेट गुरुवार शाम करीब 5:30 बजे प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई के बाद खोल दिया गया। एसडीएम सदर शुभम श्रीवास्तव और सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के नेतृत्व में फैक्ट्री के रास्ते पर करीब सवा साल से खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटवाया गया। गेट के सामने मौजूद अवरोधों को साफ कराकर आवागमन शुरू करा दिया गया। ग्रामीण 5 जून 2025 से प्लांट के विरोध में यहां धरना दे रहे थे। वहीं, कंपनी प्रबंधन ने शुक्रवार से प्लांट का संचालन शुरू करने की बात कही है।
प्रदूषण की आशंका को लेकर ग्रामीण कर रहे थे विरोध
भोपा रोड स्थित रुद्र वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के बायोमेडिकल वेस्ट प्लांट को लेकर कंपनी और ग्रामीणों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। ग्रामीणों को आशंका थी कि प्लांट के संचालन से प्रदूषण फैल सकता है और आसपास रहने वाले लोगों की सेहत पर इसका असर पड़ सकता है।
दूसरी ओर, कंपनी का कहना है कि यह प्लांट बायोमेडिकल कचरे के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण के लिए स्थापित किया गया है। इसके लिए कंपनी के पास जरूरी अनुमति और दस्तावेज भी मौजूद हैं। कंपनी प्रबंधन के मुताबिक, करोड़ों रुपये का निवेश करने के बाद भी धरने और रास्ता बंद होने के कारण प्लांट का संचालन शुरू नहीं हो पा रहा था।
हाईकोर्ट के आदेश पर पहुंची प्रशासनिक टीम
फैक्ट्री तक जाने वाला रास्ता खुलवाने के लिए कंपनी प्रबंधन ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के अनुसार, याचिका संख्या 35574/2025 पर हाईकोर्ट ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस को फैक्ट्री का संचालन बिना किसी बाधा के सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।
इसी आदेश के पालन में गुरुवार को मजिस्ट्रेट, राजस्व विभाग की टीम, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में फैक्ट्री के गेट के सामने खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली हटवाई गई और प्लांट तक पहुंचने का रास्ता खुलवा दिया गया।
ग्रामीण अगली सुनवाई में रख सकेंगे अपना पक्ष
सीओ के मुताबिक, ग्रामीणों को जानकारी दी गई है कि वे अपनी आपत्तियां और पक्ष अगली सुनवाई के दौरान हलफनामे के माध्यम से अदालत में पेश कर सकते हैं। ग्रामीणों ने अगली तारीख तक रास्ते में किसी तरह की रुकावट नहीं डालने पर सहमति जताई है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम फिलहाल मौके पर तैनात रहेगी।
कंपनी के एमडी वरिंदर दीप सिंह टोर्ना ने बताया कि रास्ता बंद रहने के कारण करीब सवा साल तक फैक्ट्री में न तो सामान पहुंच पाया और न ही वहां से बाहर भेजा जा सका। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद प्रशासन ने रास्ता खुलवा दिया है। उनके अनुसार, शुक्रवार से प्लांट का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के पास अपनी आपत्तियां अदालत के सामने रखने का विकल्प मौजूद है। ऐसे में रास्ता खुलने के बाद कंपनी और ग्रामीणों के बीच विवाद का अगला फैसला अदालत में होने वाली सुनवाई के दौरान होगा।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.