नवादा में भीषण सड़क हादसा, टैंकर से टकराई तेज रफ्तार कार, 3 साल के मासूम की मौत

HIGHLIGHTS
- नवादा जिले के रजौली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हुआ।
- हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर स्वास्तिक होटल के पास हुआ।
- बंगाल से पटना जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार खड़े टैंकर से टकरा गई।
नवादा। बिहार के नवादा जिले में रजौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-20 पर शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। स्थानीय स्वास्तिक होटल के पास हुए इस दुर्घटना में तीन साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बंगाल से पटना जा रही तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े टैंकर से पीछे से टकरा गई। हादसा सुबह के समय हुआ।
दुर्घटना में जान गंवाने वाले बच्चे की पहचान अयांश शर्मा (3 वर्ष), पिता रामप्रवेश पांडेय के रूप में हुई है। घायलों में करण शर्मा, फूलवती देवी (55 वर्ष), अनिता कुमारी (37 वर्ष), प्रीति शर्मा (17 वर्ष) और अंजली शर्मा (30 वर्ष शामिल हैं। सभी पश्चिम बंगाल के निवासी बताए जा रहे हैं।
प्रीति शर्मा का पैर फ्रैक्चर हो गया है। वहीं, फूलवती देवी, करण शर्मा, मंटू शर्मा और अनिता कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद नवादा सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
टक्कर इतनी जोरदार कि कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, अस्पताल में हुआ इलाज
सूचना मिलने के बाद एनएचएआई की एंबुलेंस और डायल-112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची। सभी घायलों को रजौली अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. गजेंद्र कुमार ने जांच के बाद तीन वर्षीय अयांश को मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए नवादा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि एक घायल का इलाज रजौली में ही जारी है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पदाधिकारी एसआई जयप्रकाश चौधरी और एसआई सचिन कुमार भी अस्पताल पहुंचे।
इस मामले में थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.