मुजफ्फरनगर के युवा वैज्ञानिक डॉ. एकांत को मिला नासा का एक्सीलेंस अवॉर्ड

HIGHLIGHTS
- जिले के युवा वैज्ञानिक डॉ. एकांत वत्स ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन किया।
- नासा ने उन्हें प्रतिष्ठित एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया।
- 17 नवंबर को कैलिफोर्निया स्थित नासा के एम्स रिसर्च सेंटर में उन्हें यह सम्मान दिया गया।
मुजफ्फरनगर: जिले के युवा वैज्ञानिक डॉ. एकांत वत्स ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाते हुए जिले का गौरव बढ़ाया है। बसंत विहार निवासी डॉ. एकांत को अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा की ओर से प्रतिष्ठित एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। उन्हें यह पुरस्कार 17 नवंबर को अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित नासा के एम्स रिसर्च सेंटर में अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय शोध और वैज्ञानिक उपलब्धियों के लिए प्रदान किया गया।
डॉ. एकांत वत्स फिलहाल नासा के एम्स रिसर्च सेंटर के इनोवेशन सेंटर फॉर एक्सट्रीम एनवायरमेंट्स में पोस्टडॉक्टोरल वैज्ञानिक के तौर पर कार्य कर रहे हैं। वह नासा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. एंड्रयू मैटिओडा के शोध समूह का हिस्सा हैं। उनका शोध अंतरिक्ष में पाए जाने वाले कार्बनिक अणुओं पर केंद्रित है।
ये अणु जीवन की उत्पत्ति से जुड़ी रासायनिक प्रक्रियाओं को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके अध्ययन से वैज्ञानिकों को यह समझने में मदद मिलती है कि जीवन के लिए आवश्यक रासायनिक पदार्थ ब्रह्मांड में किस तरह बनते हैं। साथ ही, इससे पृथ्वी के अलावा दूसरे ग्रहों पर जीवन की संभावनाओं का पता लगाने में भी मदद मिलती है।
डीएवी इंटर कॉलेज के रहे हैं छात्र
डॉ. एकांत वत्स के पिता विनोद शर्मा ने बताया कि उनके बेटे ने आर्य समाज रोड स्थित डीएवी इंटर कॉलेज से 12वीं तक शिक्षा प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने डीएवी महाविद्यालय से एमएससी की पढ़ाई पूरी की और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से पीएचडी की उपाधि हासिल की। इसके बाद वह पोस्टडॉक्टोरल वैज्ञानिक के रूप में शोध कार्य से जुड़ गए।
विनोद शर्मा ने बताया कि बेटे को नासा से सम्मानित किए जाने की जानकारी मिलने पर परिवार के साथ-साथ उनके शिक्षकों में भी खुशी और उत्साह है। नासा एम्स रिसर्च सेंटर के निदेशक डॉ. यूजीन टू के हस्ताक्षर से जारी प्रशस्ति पत्र में डॉ. एकांत की वैज्ञानिक उपलब्धियों की प्रशंसा की गई है।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.























Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.