दिल्ली के गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का मामला, अकाल तख्त पहुंचे डीएसजीएमसी सदस्य

HIGHLIGHTS
- दिल्ली के साहिबपुरा स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों की बेअदबी का मामला।
- डीएसजीएमसी सदस्यों बीबी रणजीत कौर और रमिंदर सिंह स्वीटा ने अकाल तख्त सचिवालय में लिखित जवाब सौंपा।
- बीबी रणजीत कौर ने कहा कि उन्हें 17 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे घटना की जानकारी मिली थी।
नई दिल्ली के साहिबपुरा स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों की बेअदबी के मामले में दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (डीएसजीएमसी) के सदस्य शनिवार को श्री अकाल तख्त साहिब के सचिवालय पहुंचे। यहां उन्होंने जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज के सामने अपना पक्ष रखा। दूसरी ओर, निहंग सिंह जत्थेबंदियों ने भी इस मामले को लेकर कमेटी की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
डीएसजीएमसी की वॉर्ड नंबर 26 की कार्यकारी सदस्य बीबी रणजीत कौर और कमेटी सदस्य रमिंदर सिंह स्वीटा सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक सचिवालय में मौजूद रहे। दोनों ने 18 नवंबर को जत्थेदार के सचिवालय की ओर से जारी पत्र के जवाब में अपना लिखित स्पष्टीकरण सौंपा।
बीबी रणजीत कौर ने अपने जवाब में बताया कि 17 नवंबर को वह गुरु तेग बहादुर जी और उनके साथ शहीद हुए भाई मती दास, भाई सती दास तथा भाई दयाला के 350वें शहीदी दिवस के समापन समारोह को लेकर डीएसजीएमसी कार्यालय में आयोजित बैठक में शामिल थीं।
उन्होंने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें वॉर्ड नंबर 28 के एक गुरुद्वारे में बेअदबी की घटना की जानकारी मिली। इसके बाद एक सिख और कमेटी सदस्य होने के नाते वह मौके पर पहुंचीं। वहां उन्होंने अन्य सदस्यों और संगत के साथ मिलकर तिलक नगर थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने में सहयोग किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना उनके वॉर्ड में नहीं हुई थी और इस मामले में उन्हें इससे ज्यादा जानकारी नहीं है।
निहंग जत्थेबंदी ने कमेटी की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
इस मामले को लेकर निहंग सिंह नेता जगतार सिंह (बुड्ढा दल, अकाली बाबा मान सिंह 96 करोड़ी) भी अकाल तख्त सचिवालय पहुंचे। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के शाहपुर इलाके के एक गुरुद्वारे में एक व्यक्ति लगातार तीन दिनों तक आता रहा और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूपों के कुछ हिस्से निकालकर ले जाता रहा। यह घटना 15 नवंबर को हुई थी, जबकि इसकी जानकारी 17 नवंबर को सामने आई।
जगतार सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपी को कमेटी के सदस्यों ने नहीं, बल्कि गुरुद्वारे के सेवादारों ने पकड़ा था। इसके बाद कमेटी की ओर से निहंग सिंहों पर शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि आरोपी जेल में है और तीन दिन बाद निहंग सिंहों ने गुरु साहिब के स्वरूपों को अपनी छावनी में लाकर सुरक्षित रखा था। ये स्वरूप अभी भी वहीं रखे हुए हैं।
उन्होंने कमेटी पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि गुरुद्वारों में गुरु साहिब के स्वरूपों की सुरक्षा की तुलना में गोलक की गिनती को ज्यादा महत्व दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि गुरुद्वारे की इमारत में तंबाकू मिलने की बात सामने आई है।
जगतार सिंह का कहना था कि सिर्फ सीसीटीवी कैमरे लगाना सुरक्षा के लिए पर्याप्त नहीं है। गुरुद्वारों में सेवादारों और स्वयंसेवकों की नियमित तैनाती भी जरूरी है। उन्होंने गुरुद्वारा प्रबंधन व्यवस्था में सुधार करने और बेअदबी की घटनाओं के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि निहंग सिंह किसी से डरने वाले नहीं हैं।
जत्थेदार से मुलाकात के बाद जताया आभार
इसके बाद निहंग सिंह नेताओं ने कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज से भी मुलाकात की। बैठक के बाद उन्होंने बताया कि जत्थेदार साहिब ने उनकी बातों को ध्यानपूर्वक सुना। इसके लिए उन्होंने जत्थेदार का आभार जताया।
बीबी रणजीत कौर ने आरोपों को किया खारिज
मुलाकात के बाद बीबी रणजीत कौर ने कहा कि उन्हें 17 नवंबर को दोपहर करीब तीन बजे इस घटना की जानकारी मिली थी। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी की ओर से पहले ही पुलिस को शिकायत दी जा चुकी थी और 112 नंबर पर भी सूचना पहुंचाई गई थी। आरोपी को पकड़ लिया गया था। उन्होंने बताया कि वह लोगों को शांत कराने के लिए वहां रुकी थीं।
उन्होंने दोहराया कि घटना उनके वॉर्ड में नहीं हुई थी और वह डीएसजीएमसी सदस्य होने के नाते मौके पर पहुंची थीं। अकाल तख्त के पत्र में दिल्ली कमेटी की ओर से बेअदबी की घटना छिपाने की कोशिश किए जाने के आरोप को भी उन्होंने खारिज किया। उनका कहना था कि आरोपी को गुरुद्वारे के अपने सेवादारों ने पकड़ा था। उन्होंने बताया कि अभी तक उन्हें अकाल तख्त साहिब की ओर से कोई अंतिम फैसला या नया पत्र नहीं मिला है।
रमिंदर सिंह स्वीटा बोले- प्रबंधन की कमियों में सुधार जरूरी
डीएसजीएमसी सदस्य रमिंदर सिंह स्वीटा ने कहा कि संबंधित गुरुद्वारा उनके हलके में आता है। घटना के बाद दिल्ली कमेटी और गुरुद्वारे की देखरेख करने वाली पांच सदस्यीय स्थानीय कमेटी को बुलाया गया था। बैठक के दौरान प्रबंधन से जुड़ी कई कमियां सामने आईं, जिनमें सुधार करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यह समस्या केवल दिल्ली तक सीमित नहीं है, बल्कि दुनियाभर के गुरुद्वारों में सुरक्षा और प्रबंधन को लेकर गंभीरता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने डीएसजीएमसी, सिंह सभाओं और उन सभी संस्थाओं से अपील की, जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश होता है, कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
Comments0
Leave a comment
Join the conversation — your email will not be published.






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.