पटियाला में चुनावी रंजिश में चाकूबाजी, दो मासूम बच्चों समेत चार लोग घायल

HIGHLIGHTS
- पटियाला के वार्ड नंबर-1 में नगर निगम चुनाव के बीच दो पक्षों में झड़प हुई।
- विवाद के दौरान चाकू से हमला किए जाने की जानकारी सामने आई है।
- घटना में एक परिवार के सदस्यों समेत चार और छह साल के दो बच्चे घायल हुए।
पटियाला नगर निगम चुनाव के बीच वार्ड नंबर-1 में आम आदमी पार्टी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते झगड़े के दौरान चाकू चलने की घटना सामने आई। कथित जानलेवा चाकू हमले में एक परिवार के सदस्यों के साथ चार और छह साल के दो मासूम बच्चे भी घायल हो गए।
भाजपा कार्यकर्ता अजय कुमार ने इस घटना को राजनीतिक रंजिश का नतीजा बताया है। वहीं, पुलिस इसे पुरानी आपसी लड़ाई से जुड़ा मामला मान रही है। अजय कुमार का कहना है कि वह वार्ड में भाजपा प्रत्याशी का समर्थन कर रहा है। उसने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी से जुड़े एक कार्यकर्ता ने राजनीतिक दुश्मनी के चलते उसके परिवार पर हमला किया।
अजय कुमार के मुताबिक, बीते दिन उसका भाई घर की छत पर टहल रहा था। इसी दौरान मनोज कुमार ने उसे बातचीत करने के बहाने बुलाया। आरोप है कि इसके बाद मनोज ने उस पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया। हमले के दौरान खुद को बचाने की कोशिश में चार और छह साल के दो बच्चे भी चाकू लगने से घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं।
अजय कुमार ने आरोप लगाया कि पुलिस हमलावर को अपने साथ ले गई थी, लेकिन बाद में बिना कोई ठोस कार्रवाई किए उसे छोड़ दिया गया। सभी घायलों का सरकारी राजिंदरा अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मॉडल टाउन चौकी प्रभारी गुरमीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। करीब एक महीने पहले हुई लड़ाई के बाद दोनों पक्षों ने आपसी समझौता कर लिया था। बीती रात एक बार फिर पड़ोसियों के बीच बहस हुई, जो झगड़े में बदल गई। उन्होंने कहा कि घायलों के बयान दर्ज करने के बाद मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष जयइंद्र कौर घायलों का हाल जानने राजिंदरा अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने सत्ताधारी दल पर चुनाव के दौरान कथित तौर पर धक्केशाही करने का आरोप लगाया। जयइंद्र कौर ने कहा कि राजनीतिक रंजिश के चलते छोटे बच्चों को निशाना बनाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने पुलिस से आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं में केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की मांग की।






















Reader comments
No comments yet
Be the first to share your perspective on this story.